फरीदाबाद के प्रसिद्ध सूरजकुंड मेले में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया

0

Views: 10

फरीदाबाद 07 फरवरी 2026:जीत समाचार

फरीदाबाद के प्रसिद्ध सूरजकुंड मेले में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। मेले के एम्यूजमेंट जोन में लगा एक झूला (जिसे सुनामी झूला बताया जा रहा है) अचानक टूटकर गिर पड़ा। इस घटना में एक पुलिस इंस्पेक्टर की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हुए हैं।

घटना के अनुसार, झूले में करीब 18 लोग सवार थे। झूला ऊपर पहुंचने के बाद अटक गया, जिसके बाद कुछ लोगों को किसी तरह नीचे उतारा गया। लेकिन तभी झूला तेजी से चलने लगा और अचानक पूरी तरह गिर गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों की मदद की। बचाव कार्य के दौरान पलवल में तैनात इंस्पेक्टर जगदीश (जो उस समय मेले में ड्यूटी पर थे) भी झूले की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में उनकी मौत हो गई।

चश्मदीद एक दुकानदार राघव ने बताया

घटना के चश्मदीद एक दुकानदार राघव ने बताया कि झूला ऊपर जाकर अअटक गया था झूला तो लोग चिल्लाने लगे। उन्होंने और कुछ लोगों ने झूले पर चढ़कर 7-8 यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतारा। लेकिन जैसे ही वे नीचे आए, झूला पूरी तरह गिर पड़ा। इससे बाकी लोग घायल हो गए और राघव को भी कंधे पर मामूली चोट आई। पुलिसकर्मी भी तुरंत बचाव में जुट गए। हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें झूला ऊपर से गिरता हुआ दिख रहा है, जिसके बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।

डीसी आयुष सिन्हा मौके पर पहुंचे

घटना के बाद डीसी आयुष सिन्हा मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत मेला ग्राउंड को खाली करा दिया। घायलों को एम्बुलेंस से निजी अस्पतालों और बादशाह खान सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डीसी ने बताया कि कुल 13 घायल हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है। इंस्पेक्टर जगदीश की मौत सबसे दुखद है।

लापरवाही की होगी जांच

उन्होंने साफ कहा कि वेंडर की लापरवाही की गहन जांच होगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। टूरिज्म विभाग की ओर से रोजाना इंस्पेक्शन रिपोर्ट बनाई जा रही थी, लेकिन अब पूरी जांच होगी। उसी दिन शाम को मेले के दूसरे गेट के पास एक डिजाइनर गेट भी गिर गया, जिसमें एक व्यक्ति मामूली रूप से घायल हुआ। हालांकि, प्रशासन ने तुरंत मलबा हटवाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *