शेर-ए-कश्मीर यूनिवर्सिटी हादसा: एम.बी.वी.एस. अंतिम वर्ष के छात्र प्रिंस डोगरा का निधन, गांव में छाया मातम

0
18

Views: 31

शेर-ए-कश्मीर यूनिवर्सिटी हादसा: एम.बी.वी.एस. अंतिम वर्ष के छात्र प्रिंस डोगरा का निधन, गांव में छाया मातम

 

जीत समाचार जयसिंहपुर/तिनबड़(अभिषेक): जम्मू में हुए एक भीषण सड़क हादसे में हिमाचल प्रदेश के जयसिंहपुर (तिनबड़-पड़मन) क्षेत्र ने अपना एक होनहार बेटा खो दिया है। आर एसपुरा में बाइक-रेहड़ी की टक्कर में गंभीर रूप से घायल हुए शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (SKUAST) जम्मू के छात्र प्रिंस डोगरा (24) ने शुक्रवार सुबह GMC जम्मू में उपचार के दौरान अंतिम सांस ली।

पिता का सपना रह गया अधूरा
प्रिंस डोगरा की असामयिक मृत्यु ने उनके परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। प्रिंस के पिता, जो कड़ी मेहनत और दिहाड़ी मजदूरी करके अपने बेटे को डॉक्टर बनाने का सपना संजोए हुए थे, आज पूरी तरह टूट चुके हैं। प्रिंस अपनी डिग्री पूरी करने के बेहद करीब थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। उनके परिवार में माता, एक ग्रेजुएट बहन और बुजुर्ग दादा-दादी हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।

सेहरा बांधकर दी अंतिम विदाई
आज उनके पैतृक गांव पड़मन में प्रिंस को जब अंतिम विदाई दी गई, तो हर किसी की आंखें नम थीं। परिजनों ने प्रिंस को दूल्हे की तरह सेहरा बांधकर मोक्षधाम शांतिवन डोडनबल्ली पहुंचाया, जहाँ सैकड़ों लोगों की उपस्थिति में उनका अंतिम संस्कार किया गया। कुंवारे बेटे की अर्थी को सेहरा पहने देख गांव में सन्नाटा पसर गया।

क्या था मामला?
ज्ञात रहे कि 22-23 जून की रात आर एसपुरा जम्मू के बग्गा मढ़ के समीप एक भीषण दुर्घटना में प्रिंस समेत चार छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसी हादसे में उनके साथी अभिमन्यु सिंह परमार की मौके पर ही मौत हो गई थी। प्रिंस लगभग 12 दिनों तक जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष करते रहे, लेकिन अंततः वे जिंदगी की जंग हार गए।

इस दुखद घड़ी में पूरा क्षेत्र शोक में डूबा है। ‘जीत समाचार’ टीम ईश्वर से प्रार्थना करती है कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

ॐ शांति!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *