शालिग्राम जैन स्कूल में रक्षाबंधन की धूम, राखी निर्माण प्रतियोगिता में नन्हे कलाकारों ने दिखाई प्रतिभा
Views: 3
लुधियाना (विक्रम सैनी)
श्री शालिग्राम जैन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्कूल परिसर में राखी निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए सुंदर और आकर्षक राखियां तैयार कीं।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगे धागों, मोतियों और विभिन्न सजावटी सामग्री का प्रयोग कर आकर्षक राखियां बनाईं। बच्चों का उत्साह देखते ही बनता था। प्रतियोगिता में दिव्यांशी ने प्रथम, गुरुसहज ने द्वितीय तथा महविश ने तृतीय स्थान हासिल किया।
इस अवसर पर स्कूल की उपप्रधानाचार्या ने विद्यार्थियों को रक्षाबंधन पर्व के महत्व से अवगत करवाते हुए कहा कि ऐसे त्योहार बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और आपसी सौहार्द की भावना को मजबूत करते हैं।
स्कूल के जनरल सेक्रेटरी विशाल जैन ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र प्रेम और विश्वास का प्रतीक है। यह पर्व हमें एक-दूसरे के प्रति प्रेम, सम्मान और सहयोग की भावना रखते हुए मिल-जुलकर रहने का संदेश देता है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी ऐसी रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।
