लुधियाना, 16 जून:विक्की कुमार
पदभार संभालने के एक दिन बाद ही नगर निगम के नवनियुक्त कमिश्नर ओजस्वी अलंकार मंगलवार सुबह शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लेने के लिए मैदान में उतरे।
स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के तहत शहरभर में सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में एमसी कमिश्नर ओजस्वी अलंकार ने सुबह करीब 7 बजे समराला चौक से निरीक्षण शुरू किया। उन्होंने मुख्य सड़कों के साथ-साथ आसपास के रिहायशी इलाकों का भी दौरा कर सफाई व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जोनल कमिश्नर नीरज जैन, सीएसओ रवि डोगरा और सीएसआई निशु घई सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
सोमवार को कार्यभार ग्रहण करने के बाद ही कमिश्नर अलंकार ने नगर निगम अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए थे कि वे फील्ड में सक्रिय रहें और नागरिकों को पारदर्शिता व दक्षता के साथ सेवाएं उपलब्ध कराएं।
ओजस्वी अलंकार ने कहा कि स्वच्छता उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि जोनल कमिश्नरों सहित वरिष्ठ अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड में जाकर हालात का जायजा लेने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने अधिकारियों से स्थानीय निवासियों से फीडबैक लेने और जमीनी स्तर पर सामने आ रही समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित करने को भी कहा।
इस दौरान नगर निगम कमिश्नर ने शहरवासियों से भी अपील की कि वे खुले में कचरा न फेंकें और शहर को स्वच्छ रखने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और पूरे शहर में स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
