जयसिंहपुर से ‘हिमाचल जोड़ो सदस्यता अभियान’ का आगाज़, 2027 में सरकार बनाने का दावा
Views: 27
जयसिंहपुर से ‘हिमाचल जोड़ो सदस्यता अभियान’ का आगाज़, 2027 में सरकार बनाने का दावा
राष्ट्रीय प्रवक्ता ऋतुराज गोविंद झा ने कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना, पंजाब मॉडल को बताया विकास की मिसाल


जीत समाचार जयसिंहपुर/कांगड़ा(अभिषेक न्यूज़ एडिटर )।
आम आदमी पार्टी ने हिमाचल प्रदेश में अपने संगठन विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मंगलवार को जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र से ‘हिमाचल जोड़ो सदस्यता अभियान’ की शुरुआत की। चौगान स्थित कला मंच पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं हिमाचल प्रभारी ऋतुराज गोविंद झा ने अभियान का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में प्रदेश सह प्रभारी अजय राजपूत, कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र प्रभारी सुरेंद्र पंडित, शिमला संसदीय क्षेत्र प्रभारी दीपक झा, प्रदेश प्रवक्ता काली दास कोली, जिला अध्यक्ष शेर सिंह, संयुक्त सचिव वीरेंद्र सिंह, विधानसभा अध्यक्ष विनोद चांडक सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान करीब 125 लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
पत्रकारों से बातचीत में ऋतुराज गोविंद झा ने कहा कि हिमाचल जोड़ो सदस्यता अभियान की शुरुआत 2 अगस्त को मंडी जिले के द्रंग से हुई थी और अब इसे पूरे प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी प्रदेश में संगठन को मजबूत कर रही है और 2027 का विधानसभा चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़कर सरकार बनाने का लक्ष्य रखती है।
उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के दौरान किए गए कई प्रमुख वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को ₹1,500 प्रतिमाह, युवाओं को रोजगार, 300 यूनिट मुफ्त बिजली, किसानों से गोबर और दूध की खरीद, स्टार्टअप योजना जैसी घोषणाएं धरातल पर नहीं उतर सकीं। साथ ही स्कूल बंद किए जाने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सीमित होने का भी आरोप लगाया।
झा ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां 300 यूनिट मुफ्त बिजली, मोहल्ला क्लीनिक, महिला सम्मान राशि, स्कूल ऑफ एमिनेंस, आउटसोर्स कर्मचारियों का नियमितीकरण, किसानों को मुफ्त बिजली-पानी, भ्रष्टाचार विरोधी हेल्पलाइन, खेल परिसरों का निर्माण, मुफ्त कैशलेस इलाज और सड़क निर्माण जैसे अनेक जनहित कार्य किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता बदलाव चाहती है और आने वाले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगी। कार्यक्रम के अंत में पार्टी नेताओं ने अधिक से अधिक लोगों को सदस्यता अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।
