खेल

डी-ज़ोन कार्यालय के बाहर भाजपा पार्षदों का प्रदर्शन | वार्डों में विकास कार्य ठप होने का दावा, परिवारवाद और F&CC नियुक्तियों पर भी उठाए सवाल

लुधियाना, 4 अगस्त (कमल पवार)

भारतीय जनता पार्टी लुधियाना ने मंगलवार को नगर निगम के डी-ज़ोन कार्यालय के बाहर डम्मी निगम सदन लगाकर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा जिला अध्यक्ष सुनील मौदगिल की अगुवाई में हुए इस प्रदर्शन में भाजपा पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विकास कार्यों में भेदभाव, कथित भ्रष्टाचार और परिवारवाद के आरोप लगाए।

मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष सुनील मौदगिल ने आरोप लगाया कि नगर निगम प्रशासन भाजपा पार्षदों के वार्डों के साथ भेदभावपूर्ण रवैया अपना रहा है। उनका दावा था कि पिछले करीब डेढ़ वर्ष से भाजपा पार्षदों के वार्डों में न तो नई स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं और न ही नई सड़कें बनाई गई हैं। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर टूटी सड़कों की मरम्मत तक नहीं करवाई जा रही, जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

मौदगिल ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा पार्षदों द्वारा विकास कार्यों से संबंधित फाइलें मेयर को सौंपे जाने के बावजूद उन पर कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि बरसात के मौसम के बावजूद बूढ़े नाले की समुचित सफाई नहीं करवाई गई, जिससे जलभराव की समस्या बनी हुई है।

भाजपा पार्षद दल की नेता पूनम रतड़ा ने आरोप लगाया कि निगम सदन की बैठकें केवल औपचारिकता बनकर रह गई हैं। उनका कहना था कि जब भाजपा पार्षद जनता से जुड़े मुद्दे उठाने का प्रयास करते हैं तो उन्हें बीच में रोका जाता है और कथित रूप से झूठे मुकदमे दर्ज कराने की धमकियां दी जाती हैं।

उन्होंने नगर निगम में परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि एक विधायक के भाई को सीनियर डिप्टी मेयर बनाया गया, एक विधायक के पुत्र को लीगल अफसर नियुक्त किया गया तथा दो विधायकों के पुत्रों को F&CC कमेटी का सदस्य बनाया गया था। उन्होंने दावा किया कि बाद में इन सदस्यों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया।

भाजपा पार्षद दल के उपनेता रोहित सिक्का ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार, भेदभाव और परिवारवाद के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और जनता के हितों की लड़ाई जारी रखेगी।

प्रदर्शन में भाजपा पार्षद दल की नेता पूनम रतड़ा, उपनेता रोहित सिक्का, विपन पल्लवी विनायक, सुमन वर्मा, गौरव जीत गोरा, रूबी गोरियां, रुचि विशाल गुलाटी, अनिल भारद्वाज, राजेश मिश्रा सहित अन्य भाजपा पार्षद एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।