दिल्ली हाई कोर्ट को मिले 7 नए जज

कुल न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 50 हुई, सातों न्यायिक अधिकारी पहले जिला न्यायपालिका में थे

जीत समाचार | 21 सितंबर 2026/नई दिल्ली

दिल्ली हाई कोर्ट में सोमवार को सात न्यायिक अधिकारियों ने न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। मुख्य न्यायाधीश डी.के. उपाध्याय ने न्यायमूर्ति निवेदिता अनिल शर्मा, निशा सहाय सक्सेना, संजय शर्मा, भरत पाराशर, अदिति चौधरी, दिनेश भट्ट और अरुण भारद्वाज को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

सभी सातों न्यायाधीश इससे पहले दिल्ली की जिला न्यायपालिका में न्यायिक अधिकारी के तौर पर कार्यरत थे। शपथ ग्रहण समारोह दिल्ली हाई कोर्ट परिसर में आयोजित किया गया। शपथ के बाद मुख्य न्यायाधीश ने सभी नवनियुक्त न्यायाधीशों को बधाई दी।

दो ने अंग्रेजी, पांच ने हिंदी में ली शपथ

शपथ ग्रहण के दौरान न्यायमूर्ति निवेदिता अनिल शर्मा और न्यायमूर्ति निशा सहाय सक्सेना ने अंग्रेजी में शपथ ली, जबकि अन्य पांच न्यायाधीशों ने हिंदी में शपथ ग्रहण की।

इन सातों को दिल्ली हाई कोर्ट में अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।

19 सितंबर को जारी हुई थी नियुक्ति अधिसूचना

सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश के बाद केंद्र सरकार ने 19 सितंबर को इन सात न्यायिक अधिकारियों की नियुक्ति की अधिसूचना जारी की थी।

दिल्ली हाई कोर्ट में न्यायाधीशों की स्वीकृत संख्या 60 है। सात नई नियुक्तियों के बाद हाई कोर्ट में कार्यरत न्यायाधीशों की संख्या 50 हो गई है।

दैनिक विज्ञापन
दैनिक विज्ञापन

You may have missed