लुधियाना निगम को दो साल में मिला पांचवां कमिश्नर, दमनजीत सिंह मान संभालेंगे कमान

0

डॉ. अंकुर महिंदरू का संगरूर में एडीसी (जनरल) के पद पर तबादला; महज 22 दिन ही संभाला निगम कमिश्नर का कार्यभार, 2012 बैच के पीसीएस अधिकारी हैं मान

लुधियाना, 11 नवंबर।2026 शर्मा

पंजाब सरकार ने एक बार फिर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए लुधियाना नगर निगम के कमिश्नर डॉ. अंकुर महिंदरू का तबादला कर दिया है। उनकी जगह 2012 बैच के पीसीएस अधिकारी दमनजीत सिंह मान को नगर निगम लुधियाना का नया कमिश्नर नियुक्त किया गया है। इस बदलाव के साथ ही पिछले दो साल से कुछ अधिक समय में लुधियाना नगर निगम को पांचवां कमिश्नर मिल गया है। लगातार हो रहे इन तबादलों से निगम के प्रशासनिक नेतृत्व में स्थिरता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

मंगलवार को कार्मिक विभाग की ओर से जारी तबादला आदेश के अनुसार डॉ. अंकुर महिंदरू को संगरूर में एडीसी (जनरल) के रिक्त पद पर तैनात किया गया है। उन्होंने 19 अक्तूबर को ही लुधियाना नगर निगम कमिश्नर का कार्यभार संभाला था। इस तरह वह महज 22 दिन तक ही इस पद पर रहे।

वहीं, नए कमिश्नर नियुक्त किए गए दमनजीत सिंह मान इससे पहले पटियाला में एडीसी (जनरल) के पद पर सेवाएं दे रहे थे। जानकारी के अनुसार उन्हें 19 सितंबर 2025 को इस पद पर तैनात किया गया था। अब सरकार ने उन्हें पंजाब के सबसे बड़े नगर निगमों में शामिल लुधियाना नगर निगम की जिम्मेदारी सौंपी है। मान इससे पहले लुधियाना में आरटीओ के पद पर भी सेवाएं दे चुके हैं।

सितंबर 2024 से अब तक पांच कमिश्नर बदले

नगर निगम के प्रशासनिक नेतृत्व में बदलाव का सिलसिला सितंबर 2024 में शुरू हुआ था। उस समय आईएएस अधिकारी आदित्य दचलवाल ने संदीप ऋषि की जगह कमिश्नर का पद संभाला था। संदीप ऋषि का तबादला संगरूर के डिप्टी कमिश्नर के तौर पर किया गया था। दचलवाल ने 16 सितंबर 2024 को कार्यभार संभाला और करीब 16 महीने तक इस पद पर रहे।

इसके बाद जनवरी 2026 में आईएएस अधिकारी डॉ. नीरू कात्याल गुप्ता को निगम कमिश्नर नियुक्त किया गया। उन्होंने 27 जनवरी को कार्यभार संभाला था, लेकिन पांच महीने से भी कम समय में जून 2026 में उनका तबादला कर दिया गया। उन्हें स्पेशल सेक्रेटरी, जनरल एडमिनिस्ट्रेशन एंड कोऑर्डिनेशन लगाया गया, जबकि उनकी जगह आईएएस अधिकारी ओजस्वी अलंकार को जिम्मेदारी सौंपी गई।

ओजस्वी अलंकार 2020 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और इससे पहले ग्रेटर लुधियाना एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (ग्लाडा) में अतिरिक्त मुख्य प्रशासक के पद पर तैनात थे। उन्होंने 15 जून 2026 को निगम कमिश्नर का कार्यभार संभाला था। हालांकि, उनका कार्यकाल भी करीब चार महीने ही रहा।

नगर निगम की जनरल हाउस बैठक में हुए हंगामे के बाद सरकार ने 13 अक्तूबर को अलंकार का तबादला कर दिया था। इसके बाद संगरूर में एडीसी (जनरल) के पद पर तैनात डॉ. अंकुर महिंदरू को लुधियाना नगर निगम का कमिश्नर नियुक्त किया गया। उन्होंने 19 अक्तूबर को पदभार संभाला, लेकिन 22 दिन बाद ही उनका भी तबादला कर दिया गया।

अब दमनजीत सिंह मान को निगम की कमान सौंपी गई है। दो साल से अधिक समय में पांच कमिश्नरों के बदलाव के बाद शहरवासियों और निगम अधिकारियों की नजरें नए कमिश्नर पर रहेंगी कि वह शहर की सफाई व्यवस्था, सीवरेज, सड़कों, विकास कार्यों और निगम की प्रशासनिक चुनौतियों को किस तरह आगे बढ़ाते हैं।

दैनिक विज्ञापन
दैनिक विज्ञापन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed