लुधियाना नगर निगम के नए कमिश्नर दमनजीत सिंह मान ने संभाला कार्यभार
सफाई व्यवस्था, कूड़ा प्रबंधन और पारदर्शिता पर रहेगा विशेष फोकस; विकास कार्यों में तेजी लाने का दिया भरोसा
लुधियाना | 11 नवंबर | जीत समाचार
लुधियाना नगर निगम के नवनियुक्त कमिश्नर दमनजीत सिंह मान ने बुधवार को अपना कार्यभार संभाल लिया। 2012 बैच के PCS अधिकारी दमनजीत सिंह मान ने सराभा नगर स्थित जोन-D कार्यालय में पदभार ग्रहण करने के बाद नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और शहर की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की।
नगर निगम पहुंचने पर पंजाब पुलिस की टुकड़ी ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस अवसर पर ज्वाइंट कमिश्नर तपन भनोट, असिस्टेंट कमिश्नर नीरज जैन, जसदेव सिंह सेखों, गुरपाल सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सफाई और कूड़ा प्रबंधन पहली प्राथमिकता
कार्यभार संभालने के बाद कमिश्नर दमनजीत सिंह मान ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना, ठोस कचरा प्रबंधन में सुधार करना और विकास कार्यों को गति देना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके साथ ही नगर निगम के बकाया राजस्व की वसूली और प्रशासनिक पारदर्शिता पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
जनता को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें
कमिश्नर ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि आम लोगों को नगर निगम से संबंधित सेवाएं बिना परेशानी के उपलब्ध हों। अधिकारियों तक आम जनता की सीधी पहुंच को प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि लोगों की समस्याओं को समझकर उनका समय पर समाधान किया जा सके।
NGOs, RWA और मीडिया से सहयोग की अपील
दमनजीत सिंह मान ने शहर की बेहतरी के लिए सामाजिक संस्थाओं, NGOs, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) और मीडिया से नगर निगम के साथ मिलकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन और शहरवासियों के आपसी सहयोग से लुधियाना को स्वच्छ और बेहतर शहर बनाने के प्रयास किए जाएंगे।
अब शहरवासियों की उम्मीदें नए कमिश्नर से जुड़ी हैं। सफाई, कूड़ा प्रबंधन, विकास कार्यों और नगर निगम की कार्यप्रणाली में आने वाले दिनों में कितना सुधार होता है, इस पर सभी की नजर रहेगी।

