राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला-2026 की दूसरी नलवाड़ी नलवाड़ी मेला की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में आर.एस. बाली ने बतौर मुख्यातिथि की शिरकत
Views: 5
हिमाचल से सतीश शर्मा की रिपोर्ट
बिलासपुर 21 मार्च
राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला-2026 की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में हिमाचल पर्यटन के अध्यक्ष आर.एस. बाली ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
उन्होंने 137वर्ष पुराने राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह ऐतिहासिक मेला बिलासपुर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन जहां हमारी लोक कला व संस्कृति का संरक्षण एवं संवर्धन करते हैं, तो वहीं नई पीढ़ी को जोड़ने का भी कार्य करते हैं।
उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने जिस भावना के साथ इस मेले की परंपरा को जीवित रखा, उसी भावना के साथ आज की पीढ़ी को भी अपनी सांस्कृतिक धरोहर को समझने और उसे आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे अपनी संस्कृति से जुड़े रहें और आने वाली पीढ़ियों को भी इसके महत्व से अवगत कराएं।
रघुवीर सिंह बाली ने बिलासपुर की जनता, विशेषकर बुजुर्गों, माताओं, बहनों और युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की असली पहचान यहां के लोग हैं, जो अपनी संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखे हुए हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि लोगों के सहयोग से नलवाड़ी मेला और अधिक भव्यता के साथ आगे बढ़ेगा और पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए प्रेरणा बनेगा।
उन्होंने मेला को बहुआयामी रंग प्रदान करने के लिए जिला प्रशासन के प्रयासों की भी सराहना की।
इससे पहले मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने मुख्य अतिथि का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक तिलक राज शर्मा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विवेक कुमार, प्रबन्ध निदेशक पर्यटन राजीव कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप धवल, अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर, एसडीएम डॉ. राजदीप सिंह, सहायक आयुक्त राजकुमार, हिमुडा निदेशक जितेंद्र चंदेल, निदेशक राज्य सहकारी बैंक सुनील शर्मा सहित मेला समिति से जुड़े अन्य अधिकारी तथा कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
