समाधान शिविरों की शिकायतों का समयबद्ध व स्थायी समाधान सुनिश्चित करें: उपायुक्त सचिन गुप्ता
Views: 1
समाधान शिविरों की शिकायतों का समयबद्ध व स्थायी समाधान सुनिश्चित करें: उपायुक्त सचिन गुप्ता
जीत समाचार हरियाणा: जिला प्रशासन द्वारा जनसमस्याओं के त्वरित निपटारे के लिए चलाए जा रहे ‘समाधान शिविरों’ को लेकर उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिविरों में प्राप्त सभी लंबित शिकायतों का शीघ्र, पारदर्शी एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
नागरिकों से संवाद और संतुष्टि पर जोर
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि केवल फाइलों का निपटारा ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि संबंधित नागरिक से सीधा संवाद स्थापित करना भी अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि विभागीय कार्रवाई के दौरान नागरिक को पूरी प्रक्रिया से अवगत कराएं ताकि उन्हें समाधान से पूर्ण संतुष्टि मिल सके और समस्या का स्थायी हल निकल सके।
जानें कब और कहाँ लगाएं अपनी अर्जी
प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप, प्रत्येक सोमवार एवं वीरवार को प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक जिला एवं उपमंडल मुख्यालयों पर समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
जनहित में अपील
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं के प्रभावी समाधान हेतु इन समाधान शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

