‘मिशन क्लीन पंजाब’: कमिश्नर ओजस्वी अलंकार ने फोकल पॉइंट इलाकों का किया निरीक्षण; सीवर लाइनों की सफाई में तेजी लाने के लिए सख्त निर्देश जारी
Views: 42
मानसून से पहले एक्शन मोड में नगर निगम, बोले— कहीं भी खुला या टूटा मैनहोल नहीं मिलना चाहिए
लुधियाना। 03 जुलाई 2026 | विक्की कुमार
मानसून के मद्देनज़र शहर में जलभराव की समस्या से निपटने और ‘मिशन क्लीन पंजाब’ को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए नगर निगम कमिश्नर ओजस्वी आलंकार (आईएएस) शुक्रवार सुबह एक्शन मोड में दिखाई दिए। उन्होंने फोकल पॉइंट क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था, सीवर सिस्टम और मैनहोल की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी कार्य पूरे करने के सख्त निर्देश दिए गए।
कमिश्नर ने स्पष्ट कहा कि मानसून शुरू होने से पहले शहर की सभी प्रमुख और आंतरिक सीवर लाइनों की सफाई पूरी होनी चाहिए ताकि बारिश के दौरान कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कमिश्नर के चार बड़े निर्देश
01 शहर की सभी सीवर लाइनों की डी-सिल्टिंग (Desilting) का कार्य युद्ध स्तर पर पूरा किया जाए।
02 किसी भी क्षेत्र में मैनहोल का ढक्कन गायब, टूटा या क्षतिग्रस्त नहीं होना चाहिए।
बारिश के पानी की निकासी सुचारु रखने के लिए रोड गुल्लियों और नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए।
03 शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए सड़कों के किनारों का सौंदर्यीकरण, पार्कों और ग्रीन बेल्ट का पुनर्विकास किया जाए।
इन इलाकों का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने जीवन नगर रोड, सनातन धर्म मंदिर रोड, फेज-5 और चंडीगढ़ रोड सहित कई क्षेत्रों का दौरा किया। उनके साथ नगर निगम के जोनल कमिश्नर नीरज जैन, एसई प्रवीण सिंगला, सीएसओ रवि डोगरा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
उद्योगपतियों से सहयोग की अपील
कमिश्नर ओजस्वी आलंकार ने औद्योगिक संगठनों और उद्योगपतियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने आसपास स्थित पार्कों और ग्रीन बेल्ट को गोद लेकर उनके रखरखाव में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से शहर को अधिक स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।
जनसहभागिता से होगा समाधान
कमिश्नर ने कहा कि नगर निगम लगातार लोगों से फीडबैक प्राप्त कर रहा है और उसी के आधार पर शिकायतों का समाधान किया जा रहा है। सभी जोनल कमिश्नरों को प्रतिदिन फील्ड में जाकर निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि जमीनी स्तर की समस्याओं का समय रहते समाधान किया जा सके।
उन्होंने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि खुले में कचरा न फेंकें, क्योंकि इससे सीवर लाइनें और रोड गुल्लियां जाम हो जाती हैं, जिसके कारण बारिश के दौरान जलभराव जैसी गंभीर समस्याएं उत्पन्न होती हैं। नगर निगम और आम जनता के संयुक्त प्रयासों से ही स्वच्छ, सुरक्षित और जलभराव मुक्त लुधियाना का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
