जीत समाचार – धमाकेदार खुलासा जोन-B PART-2
Views: 29
लुधियाना नगर निगम बिल्डिंग ब्रांच में कुछ ना कुछ जरूर है” — ब्लॉक-31 मामले ने फिर खड़े किए गंभीर सवाल
एटीपी जोन-बी ने लगातार दूसरे दिन भी नहीं उठाया फोन | पीसीएस अधिकारी बोले— “जांच शुरू कर दी गई है, दोषी पाए जाने पर होगी कानूनी कार्रवाई”
लुधियाना, 03 जुलाई। विक्की कुमार
ब्लॉक-31 स्थित कथित अवैध व्यावसायिक निर्माण को लेकर प्रकाशित खबर के बाद नगर निगम की बिल्डिंग ब्रांच एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर जीत समाचार ने जब मामले में दोबारा संबंधित अधिकारियों का पक्ष जानने का प्रयास किया, तो कई नए सवाल सामने आए।
एटीपी जोन-बी ने दूसरे दिन भी नहीं उठाया फोन
जीत समाचार ने लगातार दूसरे दिन भी जोन-B के एटीपी (ATP) से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन का कोई जवाब नहीं मिला। समाचार पत्र के अनुसार कॉल का स्क्रीनशॉट भी सुरक्षित रखा गया है।
यदि संबंधित अधिकारी के अनुसार यह निर्माण व्यावसायिक श्रेणी का है, तो मामले पर उनका पक्ष सामने न आना कई सवाल खड़े करता है। आखिर अधिकारी मीडिया के सवालों का जवाब देने से क्यों बच रहे हैं?
पीसीएस अधिकारी बोले— जांच शुरू कर दी गई है
पूरे मामले में जब बिल्डिंग शाखा के प्रभारी पीसीएस अधिकारी से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि प्रकाशित समाचार के बाद मामले की जांच शुरू करवा दी गई है।
जीत समाचार ने अधिकारी के समक्ष दावा रखा कि संबंधित भवन तीन मंजिल तक बन चुका है, जबकि उपलब्ध स्वीकृत नक्शे के अनुसार उस स्थान पर पार्किंग दर्शाई गई है। यदि यह दावा सही पाया जाता है, तो सवाल उठता है कि पार्किंग के लिए स्वीकृत स्थान पर तीन मंजिला निर्माण कैसे हो गया और निर्माण के दौरान विभागीय कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
दोषी पाया गया तो कार्रवाई होगी
पीसीएस अधिकारी ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद जो भी अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अब उठ रहे हैं ये बड़े सवाल
01 यदि जांच में यह साबित होता है कि पार्किंग के लिए स्वीकृत स्थान पर तीन मंजिला निर्माण हुआ है, तो क्या अवैध हिस्से पर नियमानुसार कार्रवाई होगी?
02 लगातार दो दिन तक एटीपी जोन-बी द्वारा फोन का जवाब नहीं दिए जाने के पीछे क्या कारण है? क्या विभाग इस पर भी संज्ञान लेगा?
03 यदि निर्माण स्वीकृत नक्शे के विपरीत हुआ है, तो निर्माण के दौरान निगरानी करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच होगी?
जीत समाचार की मांग
जीत समाचार का मानना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रिपोर्ट सार्वजनिक की जानी चाहिए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कहीं नियमों की अनदेखी हुई है या नहीं। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की जिम्मेदारी तय होती है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
