टम्बर के पूर्व प्रधान व प्रमुख समाजसेवी भीम सिंह का निधन, कोली समाज ने जताया गहरा शोक

0
IMG-20260705-WA0010

Views: 25

टम्बर के पूर्व प्रधान व प्रमुख समाजसेवी भीम सिंह का निधन, कोली समाज ने जताया गहरा शोक

 

जीत समाचार जयसिंहपुर/टम्बर (अभिषेक न्यूज़ एडिटर )

 

कोली समाज के प्रमुख समाजसेवी, रिटायर्ड बैंक अधिकारी और ग्राम पंचायत टम्बर के पूर्व प्रधान भीम सिंह का 4 जुलाई को अचानक निधन हो गया। उनके स्वर्गवास की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। रविवार, 5 जुलाई को जयसिंहपुर के बसंती पत्तन स्थित मोक्ष धाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में पहुंचे उनके चाहने वालों और रिश्तेदारों ने नम आंखों से उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

 

 

 

संघर्ष से भरा रहा प्रारंभिक जीवन

कोली समाज के जिला अध्यक्ष काली दास ने गहरा दुख प्रकट करते हुए उनके जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भीम सिंह का जीवन अत्यंत निर्धन परिवार से शुरू हुआ था। उन्होंने दिहाड़ी मजदूरी करके और लकड़ियां बेचकर अपना गुजारा किया तथा अपनी पढ़ाई पूरी की। जीवन के शुरुआती दौर में उन्होंने दिल्ली की एक प्राइवेट गत्ता फैक्ट्री में भी नौकरी की। इसके उपरांत अपनी कड़ी मेहनत के बल पर उन्हें लक्ष्मी बैंक में नौकरी मिली, जिसका बाद में केनरा बैंक में समायोजन कर दिया गया था।

 

नौकरी छोड़ चुनी समाज सेवा की राह

भीम सिंह ने अपने पूरे जीवन काल में समाज और इलाके के हित के लिए काम किया और संघर्ष को ही अपनी जीवन शैली बना लिया। अपनी बैंक सेवा के दौरान ही वह लंबा गांव ब्लॉक समिति के सदस्य चुने गए। उस समय उन्होंने अपने करियर और समाज सेवा में से ब्लॉक समिति का सदस्य बनकर जनता की सेवा करना ही स्वीकार किया। उनके इसी समर्पण को देखते हुए बाद में इलाके के लोगों ने उन्हें ग्राम पंचायत टम्बर का प्रधान भी बनाया।

 

गरीबों के मसीहा थे भीम सिंह

समाज सेवा में उनकी भूमिका हमेशा अग्रणी रही। विशेषकर निर्धन और गरीब परिवारों में विवाह आदि के समय सहायता करने के लिए वे हमेशा तत्पर रहते थे। उनके निधन की खबर से पूरे टम्बर और जयसिंहपुर इलाके में मातम पसरा हुआ है। भारी संख्या में उनके चाहने वाले सोशल मीडिया के माध्यम से और व्यक्तिगत रूप से परिवार को शोक संदेश भेजकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *