जलाड़ी में बनेगा खेल मैदान, जयसिंहपुर अस्पताल में जल्द शुरू होगी डायलिसिस सुविधा : मंत्री यादविंदर गोमा

FB_IMG_1783273399277

जलाड़ी में बनेगा खेल मैदान, जयसिंहपुर अस्पताल में जल्द शुरू होगी डायलिसिस सुविधा : मंत्री यादविंदर गोम

जीत समाचार जयसिंहपुर/पालमपुर, 5 जुलाई। 

आयुष, कानून तथा युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंदर गोमा ने रविवार को जयसिंहपुर उपमंडल के जलाड़ी और नाहलना गांवों का दौरा कर जनसभाओं में लोगों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।

जलाड़ी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री यादविंदर गोमा ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की सड़क की टारिंग का कार्य पूरा हो चुका है तथा खराब ट्रांसफार्मर को बदलकर लोगों को बेहतर बिजली सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

उन्होंने बताया कि गांव तरिंडा तक सड़क निर्माण के लिए 9 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं और कार्य शीघ्र शुरू होगा। साथ ही पालमपुर से सरीमोलग तक बस सेवा शुरू करने के प्रयास भी किए जाएंगे। मंत्री ने जलाड़ी में खेल मैदान के निर्माण के लिए आवश्यक आकलन शीघ्र तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

स्वास्थ्य सुविधाओं का उल्लेख करते हुए मंत्री गोमा ने कहा कि जयसिंहपुर अस्पताल में जल्द ही डायलिसिस सुविधा शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि अस्पताल में हाल ही में चार चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है तथा नई एक्स-रे मशीन भी स्थापित कर दी गई है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर उपचार मिल सकेगा।

इसके बाद नाहलना में आयोजित जनसभा में मंत्री ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जल्द ही सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) की नियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं तथा अगले दो से तीन महीनों में पानी के टैंक का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा श्मशान घाट के विकास कार्यों के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

मंत्री यादविंदर गोमा ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि चिट्टे जैसे मादक पदार्थ समाज और परिवार दोनों के लिए घातक हैं। उन्होंने लोगों से ऐसे मामलों की जानकारी प्रशासन को देने का आह्वान किया ताकि नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने हाल ही में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए जनहित और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर बीडीसी अध्यक्षा मीना कुमारी, बीडीसी सदस्य ओमप्रकाश धीमान, प्रधान राजकुमार, प्रधान राजकुमारी, उपप्रधान मनोज, उपप्रधान कर्ण सिंह, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जसवंत डढवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

दैनिक विज्ञापन
दैनिक विज्ञापन

You may have missed