विभिन्न अभियानों में माई भारत के वॉलंटियरों का लें सहयोग : डीसी गंधर्वा राठौड़

0

Views: 1

माई भारत पोर्टल पर अधिक से अधिक युवाओं का पंजीकरण कराने के निर्देश

हमीरपुर, 7 जुलाई (जीत समाचार)

उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने जिला के सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे एंटी चिट्टा अभियान, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण, आपदा प्रबंधन तथा अन्य जन-जागरूकता अभियानों में ‘माई भारत’ (मेरा युवा भारत) के वॉलंटियरों का सहयोग लें, ताकि अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

हमीर भवन में आयोजित माई भारत की जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने कहा कि नेहरू युवा केंद्र संगठन के स्थान पर अब माई भारत केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से युवाओं के लिए विभिन्न सामाजिक और जनहित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिए माई भारत पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है। पंजीकरण के बाद युवाओं को विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की नियमित जानकारी मिलेगी और वे इनमें सक्रिय भागीदारी कर सकेंगे।

डीसी ने सभी शिक्षण संस्थानों के अधिकारियों को विद्यार्थियों को अधिक से अधिक संख्या में माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। साथ ही विभागीय अधिकारियों से कहा कि वे अपने अभियानों के सफल संचालन और व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए माई भारत के वॉलंटियरों, युवा क्लबों और अन्य सामाजिक संगठनों का सहयोग लें।

बैठक में जिला युवा अधिकारी दीपमाला ठाकुर ने माई भारत की गतिविधियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए बताया कि जिले में हाल ही में 14 नए स्वयंसेवियों की नियुक्ति की गई है, जिससे संगठन की गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *