पशुपालन मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने ड्यूल मोड रेफ्रिजरेटेड कोल्ड वैन को दिखाई हरी झंडी
Views: 1
पशुधन की स्वास्थ्य सुरक्षा और टीकाकरण अभियान को मिलेगी नई मजबूती
लुधियाना, 07 जुलाई (अरुण कुमार)
पंजाब सरकार ने राज्य में पशुधन की स्वास्थ्य सुरक्षा को और मजबूत करने तथा पशु चिकित्सा वैक्सीनों की गुणवत्ता को परिवहन के दौरान सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से लुधियाना स्थित पंजाब वेटरनरी वैक्सीन इंस्टीट्यूट (PVVI) में अत्याधुनिक ड्यूल मोड रेफ्रिजरेटेड कोल्ड वैन की शुरुआत की। इस विशेष कोल्ड वैन को पंजाब के पशुपालन, डेयरी विकास एवं मत्स्य पालन मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने कहा कि पंजाब सरकार पशुपालकों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पशुओं को संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए प्रभावी टीकाकरण व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। नई कोल्ड वैन परिवहन के दौरान वैक्सीन की कोल्ड चेन को बिना किसी रुकावट के बनाए रखेगी, जिससे उनकी गुणवत्ता और प्रभावशीलता बरकरार रहेगी।
उन्होंने बताया कि यह वैन 2 से 8 डिग्री सेल्सियस तापमान लगातार बनाए रखने में सक्षम है। इसके माध्यम से पंजाब वेटरनरी वैक्सीन इंस्टीट्यूट, लुधियाना से राज्य के विभिन्न जिलों तक पशु चिकित्सा वैक्सीन और अन्य जैविक उत्पाद सुरक्षित एवं समय पर पहुंचाए जाएंगे।
मंत्री ने कहा कि मुंह-खुर रोग, गलघोटू, ब्रुसेलोसिस, क्लासिकल स्वाइन फीवर, पीपीआर और लंपी स्किन डिजीज जैसी संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रभावी टीकाकरण बेहद आवश्यक है। यह हाई-टेक कोल्ड वैन पूरे प्रदेश में वैक्सीनों की सुरक्षित आपूर्ति सुनिश्चित कर पशु स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करेगी।
पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. परमदीप सिंह वालिया ने कहा कि इस कोल्ड वैन के शामिल होने से राज्य के हर क्षेत्र तक उच्च गुणवत्ता वाली पशु चिकित्सा वैक्सीन सुरक्षित रूप से पहुंचाई जा सकेगी। इससे विभाग द्वारा चलाए जाने वाले टीकाकरण कार्यक्रम अधिक प्रभावी होंगे, पशुधन की सेहत में सुधार होगा, डेयरी एवं पशुधन उत्पादन बढ़ेगा, पशुओं की मृत्यु दर में कमी आएगी और किसानों की आय में भी वृद्धि होगी।
इस अवसर पर संयुक्त निदेशक डॉ. हरवीन कौर ढालीवाल, डॉ. जगदीप सिंह खहिरा, डॉ. सुखविंदर सिंह, डॉ. दीपक जांगड़ा, डॉ. अनुपमा, डॉ. अनिल गुप्ता, डॉ. प्रीतपाल सिंह सहित पंजाब वेटरनरी वैक्सीन इंस्टीट्यूट के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
