लुधियाना | 10 जुलाई | विक्की कुमार लुधियाना नगर निगम (MCL) ने शहरवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए नया हेल्पलाइन नंबर 9086791867 जारी किया है। निगम का दावा है कि अब नागरिक सफाई, सीवर जाम, स्ट्रीट लाइट खराब, कूड़ा उठान, पेयजल आपूर्ति, जलभराव, टूटी सड़कें और अन्य नगर निगम से जुड़ी शिकायतें सीधे इस नंबर पर दर्ज करवा सकते हैं। शिकायत मिलते ही संबंधित शाखा को सूचना भेजकर त्वरित कार्रवाई का भरोसा भी दिया गया है।
नगर निगम का कहना है कि नई हेल्पलाइन का उद्देश्य लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से बचाना और शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। लेकिन शहरवासियों के मन में एक बड़ा सवाल अभी भी बना हुआ है कि क्या यह हेल्पलाइन वास्तव में धरातल पर काम करेगी या फिर पहले की तरह कुछ समय बाद इसकी उपयोगिता खत्म हो जाएगी।
लुधियाना में पहले भी कई हेल्पलाइन नंबर और शिकायत पोर्टल शुरू किए गए। शुरुआत में बड़े-बड़े दावे किए गए, लेकिन समय के साथ कई नागरिकों ने शिकायत की कि फोन लगातार व्यस्त रहता था, कई बार कॉल रिसीव नहीं होती थी और शिकायत दर्ज होने के बाद भी कार्रवाई में काफी देरी होती थी। कई मामलों में शिकायतें सिर्फ रिकॉर्ड तक सीमित रह गईं और लोगों को समस्या का समाधान नहीं मिला।
सवाल बड़ा है, मंत्री जी!शहर में चर्चा है कि हर बार नई हेल्पलाइन बड़े प्रचार के साथ शुरू होती है, लेकिन कुछ समय बाद व्यवस्था पहले जैसी हो जाती है। ऐसे में अब लोगों की नजर इस बात पर रहेगी कि नया नंबर 9086791867 कितने दिन तक सक्रिय रहता है और शिकायतों का समाधान कितनी गंभीरता से किया जाता है।
सबसे बड़ा सवाल यह है—
1 क्या इस हेल्पलाइन से लोगों को वास्तव में राहत मिलेगी?
2 क्या शिकायतों का समयबद्ध निपटारा होगा?
3 क्या अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी?
4 क्या व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी और भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगेगा?
इन सवालों के जवाब अब इस हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली तय करेगी।
जीत समाचार शहरवासियों से अपील करता है कि यदि आप इस हेल्पलाइन नंबर 9086791867 पर कोई शिकायत दर्ज करवाते हैं तो अपना अनुभव हमारे साथ भी साझा करें।
हमें बताएं—
1 शिकायत कितने समय में दर्ज हुई?
2 संबंधित अधिकारी कितनी देर में मौके पर पहुंचे?
3 आपकी समस्या का समाधान हुआ या नहीं?
4 यदि कार्रवाई नहीं हुई तो उसकी वजह क्या बताई गई?
जीत समाचार इस हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली पर लगातार निगरानी रखेगा। जनता से प्राप्त शिकायतों और अनुभवों के आधार पर यह जांचेगा कि नगर निगम के दावे धरातल पर कितने सफल साबित होते हैं।
अब देखना यह है कि नगर निगम लुधियाना की नई हेल्पलाइन शहरवासियों के लिए राहत का माध्यम बनती है या फिर यह भी केवल एक और घोषणा बनकर रह जाती है। इसका जवाब आने वाले दिनों में जनता के अनुभव ही देंगे।