डीसी हिमांशु जैन ने लुधियाना में ई-रिक्शा सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान की शुरुआत

0

Views: 2

ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएगा प्रशासन

लुधियाना, 9 जुलाई।अरुण कुमार

लुधियाना की सड़कों को सुरक्षित, अनुशासित और दुर्घटना-मुक्त बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त हिमांशु जैन (आईएएस) ने गुरुनानक देव भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ई-रिक्शा सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीओ) के सचिव मनकंवल सिंह चाहल सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

डीसी हिमांशु जैन ने कहा कि ई-रिक्शा शहर में किफायती, सुलभ और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुके हैं। इससे हजारों परिवारों को रोजगार मिला है और अंतिम छोर तक परिवहन सुविधा मजबूत हुई है, लेकिन सार्वजनिक सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।

उन्होंने ई-रिक्शा चालकों से अपील की कि वे सड़क के गलत दिशा में वाहन न चलाएं, लालबत्ती का उल्लंघन न करें, निर्धारित संख्या से अधिक सवारियां न बैठाएं तथा अपने वाहनों की फिटनेस, ब्रेक और लाइटों को हमेशा सही स्थिति में रखें, ताकि विशेषकर रात के समय होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

आरटीओ सचिव मनकंवल सिंह चाहल ने भी चालकों से सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने, ट्रैफिक नियमों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन करने से न केवल दुर्घटनाएं कम होंगी बल्कि लोगों का ई-रिक्शा सेवा पर भरोसा भी बढ़ेगा।

प्रशासन ने आम नागरिकों से भी इस अभियान में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि ओवरलोड ई-रिक्शा में यात्रा न करें, खतरनाक ड्राइविंग की सूचना तुरंत ट्रैफिक हेल्पलाइन पर दें और सड़क सुरक्षा नियमों के पालन में प्रशासन का साथ दें।

प्रशासन का मानना है कि यह अभियान लुधियाना को सुरक्षित, व्यवस्थित, टिकाऊ और दुर्घटना-मुक्त यातायात व्यवस्था वाला मॉडल जिला बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed