भारत-ओमान के बीच रणनीतिक साझेदारी पर मंथन, खाड़ी क्षेत्र में शांति और स्थिरता पर हुई व्यापक चर्चा
Views: 4
भारत-ओमान के बीच रणनीतिक साझेदारी पर मंथन, खाड़ी क्षेत्र में शांति और स्थिरता पर हुई व्यापक चर्चा
मस्कट(एजेंसी): विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने रविवार को मस्कट में ओमान के विदेश मंत्री बदर-बिन-हमद-अल बुसैदी से मुलाकात कर दोनों देशों के द्विपक्षीय सहयोग और क्षेत्रीय मुद्दों पर व्यापक चर्चा की।
डॉ. जयशंकर ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में व्यापार, निवेश, संपर्क, समुद्री सहयोग, प्रौद्योगिकी, रक्षा, साइबर सुरक्षा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत बनाने पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने खाड़ी क्षेत्र के मौजूदा घटनाक्रम, क्षेत्रीय सुरक्षा तथा शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के प्रयासों पर भी विस्तार से चर्चा की। डॉ. जयशंकर ने कहा कि यह बैठक भारत और ओमान के बीच मजबूत होती रणनीतिक साझेदारी और आपसी विश्वास का प्रतीक है।
वहीं, ओमान के विदेश मंत्री बदर अल बुसैदी ने कहा कि भारत और ओमान के बीच सदियों पुराने समुद्री संबंध दोनों देशों के लोगों को ऐतिहासिक रूप से जोड़ते रहे हैं और यही रिश्ते आज मजबूत रणनीतिक साझेदारी का आधार बने हुए हैं।
उन्होंने बताया कि दोनों नेताओं ने होर्मुज जलडमरूमध्य में नौवहन की स्वतंत्रता और समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कूटनीतिक प्रयासों पर भी चर्चा की। साथ ही, इस मुद्दे पर भारत के सहयोग और समर्थन के लिए उन्होंने आभार व्यक्त किया।
