दिल्ली पुलिस ने नकली दवाओं के अंतरराज्यीय गिरोह का किया भंडाफोड़, मास्टरमाइंड गिरफ्तार

0

Views: 51

दिल्ली पुलिस ने नकली दवाओं के अंतरराज्यीय गिरोह का किया भंडाफोड़, मास्टरमाइंड गिरफ्तार

जीत समाचार नई दिल्ली( एजेंसी)

दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा की साइबर सेल ने नकली दवाओं के निर्माण और अंतरराज्यीय आपूर्ति में संलिप्त एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए उसके मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के साथ ही मामले में अब तक कुल 10 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि गिरोह प्रतिष्ठित दवा कंपनियों के नाम पर नकली दवाएं तैयार कर उन्हें जाली पैकेजिंग, लेबल और ट्रेडमार्क के जरिए असली उत्पाद के रूप में बाजार में बेचता था। आरोपी इन दवाओं को बाजार मूल्य से लगभग 60 प्रतिशत कम कीमत पर थोक और खुदरा विक्रेताओं को उपलब्ध कराते थे, जिससे उन्होंने कई राज्यों में अपना नेटवर्क फैला लिया था।

पुलिस के अनुसार, यह अवैध कारोबार न केवल दवा कंपनियों को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा रहा था, बल्कि गंभीर बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली नकली दवाओं के कारण आम लोगों के स्वास्थ्य और जीवन के लिए भी बड़ा खतरा बन गया था।

अपराध शाखा ने बताया कि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों, नकली दवाओं के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल के आपूर्तिकर्ताओं, जाली पैकेजिंग तैयार करने वालों, वितरकों और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश कर सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जीत समाचार की अपील: दवाइयां हमेशा अधिकृत मेडिकल स्टोर से ही खरीदें और दवा की पैकेजिंग, बैच नंबर, एक्सपायरी डेट तथा निर्माता की जानकारी अवश्य जांचें। संदिग्ध दवा मिलने पर तुरंत संबंधित स्वास्थ्य विभाग या पुलिस को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *