ऑपरेशन अमिस्टैड सफलतापूर्वक संपन्न, वेनेजुएला ने भारत की मानवीय सहायता के लिए जताया आभार

0
26

Views: 7

ऑपरेशन अमिस्टैड सफलतापूर्वक संपन्न, वेनेजुएला ने भारत की मानवीय सहायता के लिए जताया आभार

नई दिल्ली (एजेंसी):

वेनेजुएला में हाल ही में आए भूकंपों के बाद शुरू किया गया भारत का मानवीय सहायता एवं आपदा राहत मिशन ‘ऑपरेशन अमिस्टैड’ भारतीय दल के नई दिल्ली लौटने के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। मिशन के दौरान भारत ने राहत, चिकित्सा सेवाओं और आपदा प्रबंधन में अहम भूमिका निभाई।

वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने भारत की त्वरित सहायता, सहयोग और एकजुटता के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, 26 जून को भारतीय वायुसेना के दो C-17 ग्लोबमास्टर-III विमानों के माध्यम से भारतीय सेना की 60 पैरा फील्ड हॉस्पिटल यूनिट के 41 सदस्यीय दल को वेनेजुएला भेजा गया था। दल में सर्जन, एनेस्थिसियोलॉजिस्ट, ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य सहयोगी कर्मी शामिल थे।

मिशन के तहत दो अत्याधुनिक BHISHM (भारत हेल्थ इनिशिएटिव फॉर सहयोग, हित एंड मैत्री) क्यूब्स भी भेजे गए, जो आपदा की स्थिति में तेजी से तैनात किए जाने वाले पोर्टेबल मिनी अस्पताल हैं। इसके साथ 6 टन आवश्यक दवाइयाँ और चिकित्सा उपकरण तथा 30 टन राहत सामग्री, जिसमें टेंट, सोलर लैंप, पोर्टेबल वाटर प्यूरीफायर और जनरेटर शामिल थे, भी भेजे गए।

वेनेजुएला सरकार के सहयोग से भारतीय फील्ड हॉस्पिटल ने प्रभावित क्षेत्रों में तेज़ी से सेवाएँ शुरू कीं। मिशन के दौरान भूकंप प्रभावित लोगों के लिए 8,000 से अधिक चिकित्सा प्रक्रियाएँ और लैब जांच की गईं, जबकि 20 से अधिक बड़ी सर्जरी भी सफलतापूर्वक संपन्न की गईं।

विदेश मंत्रालय ने मिशन के दौरान भारतीय दल को मिले सहयोग के लिए वेनेजुएला सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऑपरेशन अमिस्टैड भारत और वेनेजुएला की मजबूत मित्रता तथा ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की भावना के प्रति भारत की प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *