लकड़ बाजार में भारी बारिश से गिरी जर्जर इमारत, बड़ा हादसा टला
Views: 82
दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त, नगर निगम से खतरनाक इमारतों का सर्वे कराने की मांग
लुधियाना | विक्की कुमार | जीत समाचार
लुधियाना में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच शुक्रवार को लकड़ बाजार स्थित केसर गंज मंडी में एक पुरानी जर्जर इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। घटना के समय इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि मलबे की चपेट में आने से वहां खड़े कुछ दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग के अधिकारी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। आसपास के क्षेत्र को सुरक्षा की दृष्टि से खाली कराया गया, ताकि किसी अन्य दुर्घटना से बचा जा सके।
इस घटना के बाद शहरवासियों से अपील की गई है कि जिनकी पुरानी और जर्जर इमारतें हैं तथा जिन पर कोई कानूनी या न्यायिक रोक नहीं है, वे सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए समय रहते उनकी मरम्मत या सुरक्षित ध्वस्तीकरण करवाएं। थोड़ी-सी सतर्कता किसी बड़े हादसे और जान-माल के नुकसान को रोक सकती है।
जीत समाचार नगर निगम से मांग करता है कि शहर की सभी खतरनाक एवं जर्जर इमारतों का तत्काल सर्वे कराया जाए और मानसून के दौरान संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
