स्मार्ट सिटी के दावों की खुली पोल! 2 घंटे की बारिश में ही डूबा राहों रोड, लाखों की विज्ञापनबाजी फेल

0

Views: 88

मानसून की तैयारियों के दावों पर उठे सवाल | सड़क बनी तालाब, लोगों ने कहा – “विज्ञापनों पर खर्च हुआ पैसा, काम पर नहीं”

लुधियाना | 11 जुलाई 2026 | जीत समाचार ब्यूरो

नगर निगम लुधियाना की ओर से स्मार्ट सिटी और मानसून तैयारियों को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं। लाखों रुपये खर्च कर विज्ञापन जारी किए गए, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों से बिल्कुल अलग नजर आई। शनिवार को हुई करीब दो घंटे की बारिश ने निगम की तैयारियों की पोल खोलकर रख दी।

राहों रोड पर थोड़ी देर की बारिश के बाद ही भारी जलभराव हो गया। सड़क पर इतना पानी जमा हो गया कि दुपहिया और चार पहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर वाहन पानी में फंसते दिखाई दिए, जबकि राहगीरों को भी आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

लोगों में भारी रोष

स्थानीय निवासियों ने निगम प्रशासन और सरकार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि विज्ञापनों पर खर्च किए गए लाखों रुपये का उपयोग जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने में किया जाता, तो आज लोगों को इस परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।

इलाका वासियों ने कहा, “कई सरकारें आईं और चली गईं, लेकिन राहों रोड की जलभराव समस्या का स्थायी समाधान आज तक नहीं निकाला जा सका। हर वर्ष मानसून के दौरान यही स्थिति देखने को मिलती है।”

दो घंटे बाद भी नहीं निकला पानी

बारिश बंद हुए दो घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद सड़क से पानी की निकासी नहीं हो सकी। इससे साफ प्रतीत होता है कि मानसून से पहले नालों और सीवरेज व्यवस्था की सफाई के दावे केवल कागजों तक सीमित रहे।

स्थानीय लोगों ने तंज कसते हुए कहा, “स्मार्ट सिटी केवल विज्ञापनों और दावों से नहीं बनती, बल्कि मजबूत आधारभूत सुविधाओं और ईमानदार कार्यप्रणाली से बनती है।”

जीत समाचार का सवाल

हर वर्ष करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद यदि शहर की मुख्य सड़कों का यह हाल है, तो आखिर जिम्मेदारी किसकी तय होगी? नए नगर निगम कमिश्नर के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या वे राहों रोड समेत शहर के अन्य जलभराव प्रभावित क्षेत्रों के लिए कोई स्थायी समाधान निकाल पाएंगे ?

जीत समाचार जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार प्रमुखता से उठाता रहेगा और प्रशासन से जवाब मांगता रहेगा, ताकि शहरवासियों को मूलभूत सुविधाओं के लिए हर वर्ष ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *