पत्नी को पहाड़ों की सैर के बहाने सोलन ले गया पति, गला रेतकर 100 मीटर गहरी खाई में धक्का दिया; महिला बची, 3 आरोपी गिरफ्तार
Views: 8
सोलन।/10 जुलाई 2026 / जीत समाचार
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक पति ने अपनी पत्नी को पहाड़ों की सैर कराने के बहाने उत्तर प्रदेश से सोलन बुलाया और अपने सगे भाई तथा एक दोस्त के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार, सुनसान इलाके में पहले महिला का चाकू से गला रेतने की कोशिश की गई और इसके बाद उसे करीब 80 से 100 मीटर गहरी खाई में धक्का दे दिया गया। गंभीर रूप से घायल महिला झाड़ियों का सहारा लेकर किसी तरह सड़क तक पहुंची, जहां स्थानीय लोगों ने उसे देखा और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया और वारदात के लगभग आधे घंटे के भीतर पति, उसके भाई और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है और हत्या की साजिश के पीछे के कारणों की जांच जारी है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
