सुकून ट्रस्ट ने डीसी कार्यालय परिसर में 100 से अधिक पौधों का किया वितरण, हरित लुधियाना का दिया संदेश

डीसी हिमांशु जैन ने सुकून ट्रस्ट की हरित पहल की सराहना, अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील

लुधियाना, 14 जुलाई (जीत समाचार ब्यूरो)

पर्यावरण संरक्षण और हरित लुधियाना के उद्देश्य को लेकर डॉ. परमिंदर सिंह सिद्धू एवं डॉ. सुरुचि द्वारा संचालित सुकून ट्रस्ट ने डीसी कार्यालय परिसर (बचत भवन), लुधियाना में 100 से अधिक पौधों का वितरण किया। इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने सुकून ट्रस्ट की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए समाजसेवी संस्थाओं द्वारा किए जा रहे ऐसे प्रयास समय की आवश्यकता हैं। उन्होंने कहा कि सुकून ट्रस्ट समाज सेवा के साथ-साथ लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता भी फैला रहा है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण मिल सके।

इस अवसर पर डॉ. नवजीत, सरदार नछत्तर सिंह, श्रीमती चरणजीत कौर तथा सिद्धू डेंटल अस्पताल के समस्त स्टाफ ने पौधों के वितरण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण सिद्धू डेंटल अस्पताल की मोबाइल डेंटल वैन रही, जिसका प्रदर्शन भी किया गया। यह मोबाइल डेंटल वैन पंजाब के दूर-दराज़ और जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क दंत चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करा रही है। डिप्टी कमिश्नर ने इस पहल की भी सराहना करते हुए इसे समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

डॉ. परमिंदर सिंह सिद्धू ने कहा कि स्वस्थ पर्यावरण ही स्वस्थ समाज की नींव है और प्रत्येक लगाया गया पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए एक अनमोल उपहार है। वहीं डॉ. सुरुचि ने सभी से पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल करने का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित लोगों द्वारा स्वच्छ, स्वस्थ और हरित लुधियाना के निर्माण का संकल्प लेकर किया गया।

दैनिक विज्ञापन
दैनिक विज्ञापन

You may have missed