लेबर शेड पर रेहड़ी-फड़ी वालों के कब्जे का आरोप, कार्रवाई की मांग

0

Views: 94

लोधी क्लब रोड समेत शहर के कई प्रमुख बाजारों में अतिक्रमण से जाम, तहबाजारी शाखा पर मिलीभगत के आरोप

लुधियाना  | 14 जुलाई | विक्की कुमार

लोधी क्लब रोड स्थित नगर निगम द्वारा बनाए गए लेबर शेड (लेबर शेल्टर) पर रेहड़ी-फड़ी संचालकों द्वारा स्थायी कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में नगर निगम अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि लेबर शेड पर अवैध कब्जे के कारण शाम के समय लोधी क्लब रोड पर प्रतिदिन लंबा जाम लग जाता है। इससे स्थानीय निवासियों, दुकानदारों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि सड़क पर बढ़ते अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है

कि शहर के कई अन्य प्रमुख क्षेत्रों में भी रेहड़ी-फड़ी संचालकों द्वारा सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जे किए गए हैं। इनमें जवाहर नगर कैंप, मॉडल टाउन मार्केट, शास्त्री नगर, डंडी स्वामी रोड, राहों रोड, जोधेवाल बस्ती चौक, माधोपुरी चौक, शिंगार सिनेमा रोड, कैपा कोला चौक से नहर तक, फील्डगंज, घंटाघर चौक और चौड़ा बाजार सहित कई इलाके शामिल हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन स्थानों पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को भी ट्रैफिक जाम के कारण परेशानी झेलनी पड़ती है।

शिकायत में नगर निगम की तहबाजारी शाखा की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं। आरोप लगाया गया है कि अवैध कब्जों को हटाने के नाम पर केवल खानापूर्ति की जाती है और प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती। इससे शाखा की भूमिका संदेह के घेरे में आ गई है।

शिकायतकर्ता ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है

कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जाए। साथ ही, शहर में बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थानों को कब्जामुक्त कराया जाए, ताकि लोगों को ट्रैफिक जाम और अन्य परेशानियों से राहत मिल सके।

शहरवासियों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में यातायात व्यवस्था और अधिक प्रभावित हो सकती है। लोगों ने नगर निगम से सख्त कार्रवाई करते हुए स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *