जीत समाचार की खबर का असर | आधी रात एक्शन में दिखे नगर निगम कमिश्नर, ढोका मोहल्ले में किया सीवरेज लाइन का निरीक्षण
Views: 123
लुधियाना, 14 जुलाई | जीत समाचार
जीत समाचार द्वारा ढोका मोहल्ला में सीवरेज ओवरफ्लो, जलभराव और नाले पर बनी रुकावटों की समस्या को लगातार प्रमुखता से उठाए जाने के बाद नगर निगम प्रशासन हरकत में आ गया।
आधी रात मौके पर पहुंचे कमिश्नर
सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे नगर निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार स्वयं पुराने शहर स्थित गौशाला के पास पहुंचे। उन्होंने 78 इंच की मुख्य सीवरेज लाइन की सुपर सक्शन मशीनों से चल रही सफाई का मौके पर निरीक्षण किया।
अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सफाई कार्य में तेजी लाई जाए ताकि ढोका मोहल्ला, धर्मपुरा और बुद्धा दरिया के साथ लगते निचले इलाकों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।
इस दौरान सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर एकजोत सिंह, कार्यकारी अभियंता कमल सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
क्या है योजना
नगर निगम के अनुसार फिलहाल गौशाला इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन से सीवरेज का पानी जमालपुर एसटीपी भेजा जा रहा है। मुख्य लाइन की सफाई पूरी होने के बाद बड़ी मात्रा में पानी को भट्टियां एसटीपी की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इससे बरसात के दौरान ढोका मोहल्ला और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की समस्या काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।
कमिश्नर ओजस्वी अलंकार ने कहा कि मुख्य सीवरेज लाइनों, बुद्धा दरिया और सड़कों की जालियों की सफाई का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने सभी जोनल अधिकारियों को प्रतिदिन फील्ड में रहकर कार्यों की निगरानी करने और काम में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश भी दिए।
जीत समाचार की बात
ढोका मोहल्ला की समस्या को जीत समाचार ने लगातार प्रमुखता से उठाया। अब प्रशासन का आधी रात मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करना इस बात का संकेत है कि जनता की आवाज़ का असर प्रशासन तक पहुंचा है।
हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि वास्तविक राहत तभी मानी जाएगी जब बरसात के दौरान सड़कों पर सीवरेज का पानी नहीं फैलेगा और वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होगा।
