लुधियाना में पेपर से लदे 10-चक्के ट्रक ने मां-बेटी को कुचला, दोनों की मौके पर मौत
Views: 5
सुबह-सुबह व्यस्त बाजार की ओर दौड़ रहा था भारी ट्रक | सड़क पार करते समय हुआ दर्दनाक हादसा | मृतकों की पहचान नहीं | भारी वाहनों की एंट्री पर फिर उठे सवाल
लुधियाना (विक्रम सैनी)
महानगर में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। घंटाघर से लकड़ बाजार की ओर जा रहे पेपर से लदे 10-चक्के ट्रक की चपेट में दोनों आ गईं। हादसा इतना भयावह था कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।चश्मदीदों के अनुसार हादसा सुबह करीब 6:15 से 6:30 बजे के बीच हुआ। पेपर से लदा ट्रक घंटाघर की तरफ से लकड़ बाजार की ओर जा रहा था। इसी दौरान सड़क पार कर रही मां-बेटी ट्रक की चपेट में आ गईं।हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।
व्यस्त बाजार में 10-चक्के का ट्रक कैसे पहुंचा?
हादसे ने एक बार फिर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और भारी वाहनों की एंट्री पर सवाल खड़े कर दिए हैं।सवाल यह है कि सुबह के समय जब बाजारों में पैदल राहगीरों और छोटे वाहनों की आवाजाही रहती है, उस समय पेपर से लदा 10-चक्के का भारी ट्रक व्यस्त बाजार क्षेत्र तक कैसे पहुंच गया?यदि शहर में भारी वाहनों की एंट्री के लिए समय और रूट निर्धारित हैं तो उनकी निगरानी कौन करता है? क्या नियम सिर्फ कागजों तक सीमित हैं या जमीन पर भी उनका पालन हो रहा है?
मां-बेटी की पहचान अभी तक नहीं
हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि खबर लिखे जाने तक मृतक मां-बेटी की पहचान नहीं हो सकी थी। उनके परिवार का कोई सदस्य भी मौके पर नहीं पहुंचा था।पुलिस के सामने अब दोनों की पहचान कर उनके परिजनों तक सूचना पहुंचाने की चुनौती है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मनप्रीत सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। ट्रक और चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।जानकारी के अनुसार ट्रक गढ़शंकर से लुधियाना आया था और शहर में पेपर का माल उतारना था। चालक के सलेम निवासी होने की जानकारी सामने आई है।
CCTV से खुलेगा हादसे का राज
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिए हादसे की परिस्थितियों और ट्रक की गति सहित अन्य पहलुओं की जांच की जाएगी।
लेकिन अब बड़ा सवाल प्रशासन से है—
क्या CCTV जांच के बाद सिर्फ FIR होगी या शहर में भारी वाहनों की एंट्री पर भी ठोस कार्रवाई होगी?
एक मां और बेटी की जान चली गई। अब जरूरत इस बात की है कि प्रशासन यह पता लगाए कि भारी वाहन प्रतिबंधित/नियंत्रित क्षेत्र में कैसे पहुंचा और उसकी निगरानी व्यवस्था कहां थी।
जीत समाचार का सवाल
क्या किसी और हादसे का इंतजार किया जाएगा?
अगर शहर के व्यस्त बाजारों में भारी वाहनों की एंट्री के नियम हैं, तो उन्हें सख्ती से लागू करवाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। केवल हादसे के बाद चालक पर कार्रवाई से बात पूरी नहीं होगी—ट्रैफिक व्यवस्था और भारी वाहनों की निगरानी की पूरी व्यवस्था की समीक्षा जरूरी है।
