सील खुली तो खुल गया राज! कमिश्नर बोले—‘मेरी तरफ से कोई आदेश नहीं’
Views: 50
इंस्पेक्टर बोले—‘कमिश्नर साहब को मैं खुद बता दूंगा’! सवाल—जब आदेश नहीं हुआ तो रातों-रात सील खुली कैसे?
लुधियाना | 2 सितंबर 2026 | अरुण कुमार
नगर निगम लुधियाना की बिल्डिंग ब्रांच जोन-A में एक कमर्शियल बिल्डिंग की सील खुलने का मामला अब और पेचीदा हो गया है। मामले में नगर निगम कमिश्नर ने स्पष्ट किया है कि उनकी तरफ से सील खोलने का कोई आदेश जारी नहीं किया गया। वहीं, जोन-A के ATP की ओर से भी सील खुलने की प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट जवाब सामने नहीं आया। ऐसे में सवाल और बड़ा हो गया है—जब कमिश्नर ने आदेश नहीं दिया तो आखिर सील खुली कैसे?
इंस्पेक्टर बोले—‘कमिश्नर साहब को मैं खुद बता दूंगा’
जब बिल्डिंग इंस्पेक्टर लकी से फोन पर मामले की जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो उन्होंने कार्यालय आने की बात कही। पत्रकार ने जब दफ्तर आने में असमर्थता जताते हुए फोन पर ही जवाब देने का अनुरोध किया, तो इंस्पेक्टर ने कथित तौर पर कहा—“आपको कौन-सा अमेरिका से कनाडा आने के लिए वीजा लेना है? कमिश्नर के बयान का हवाला देकर जब उनसे पूछा गया कि यदि कमिश्नर कह रहे हैं कि उन्होंने सील खोलने का आदेश नहीं दिया, तो सील कैसे खुली, इस पर इंस्पेक्टर ने कथित तौर पर कहा—“कमिश्नर साहब को मैं खुद बता दूंगा।
15 फुट की सड़क पर 5 मंजिल, फिर सील और अब सील खुलने का खेल!
जिस बिल्डिंग को लेकर पहले से सवाल उठ रहे हैं, उसमें 15 फुट की सड़क पर 5 मंजिला निर्माण और पार्किंग को लेकर भी सवाल हैं। ऐसे में सील लगाने के बाद उसका खुलना नगर निगम की बिल्डिंग ब्रांच की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
दाल में कुछ काला है या पूरी दाल ही काली?
1 अब जरूरत है कि नगर निगम प्रशासन सील खोलने की पूरी प्रक्रिया सार्वजनिक करे और जिम्मेदारी तय करे।
2 कमिश्नर साहब के सामने सबसे बड़ा सवाल—आपका आदेश नहीं था, तो फिर आपके सिस्टम में किसके आदेश पर रातों-रात सील खुल गई?
3 जीत समाचार इस मामले की अगली कड़ी में सील खुलने की पूरी प्रक्रिया और जिम्मेदार अधिकारी तक पहुंचने की पड़ताल जारी रखेगा।
जीत समाचार किसी अधिकारी को बिना प्रमाण दोषी नहीं ठहरा रहा, लेकिन सवाल जरूर पूछ रहा है—अगर कमिश्नर का आदेश नहीं था, तो फिर यह सील किसके आदेश पर खुली?
