जीत समाचार | लुधियाना में फूड सेफ्टी टीम का बड़ा एक्शन!

35 किलो संदिग्ध पनीर मौके पर नष्ट, पपीते से लेकर चिकन-पैटीज तक के सैंपल जांच के लिए भेजे

लुधियाना | 15 सितंबर 2026: दिनेश कुमार

लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन के निर्देशों पर हेल्थ डिपार्टमेंट की फूड सेफ्टी टीम ने जिले के विभिन्न इलाकों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया।अभियान के दौरान सब्जी मंडियों, कन्फेक्शनरी यूनिट्स और खाने-पीने की दुकानों की जांच की गई। इसके साथ ही ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स’ के माध्यम से खाद्य पदार्थों की बेसिक जांच कर दुकानदारों और आम लोगों को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया।

35 किलो पनीर पर चला एक्शन

चेकिंग के दौरान बहादुरके रोड सब्जी मंडी में करीब 35 किलो पनीर मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। पनीर के मानव उपभोग के लिए सुरक्षित नहीं होने के संदेह के आधार पर उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।इसके अलावा बहादुरके रोड मंडी से पनीर के दो सैंपल टेस्टिंग के लिए लिए गए।

चिकन और पैटीज के भी सैंपल

फूड सेफ्टी टीम ने सब्जी मंडी से पपीते का एक सैंपल लिया। वहीं हीरो बेकरी चौक और अब्दुल्ला बस्ती स्थित खाद्य दुकानों से रेडीमेड चिकन और पैटीज के सैंपल भी लिए गए।सभी सैंपल अधिकृत फूड टेस्टिंग लैबोरेटरी में जांच के लिए भेजे गए हैं। अब लैब रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा कि संबंधित खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों पर खरे उतरते हैं या नहीं।

“खाने की क्वालिटी से कोई समझौता नहीं”

लुधियाना के डिस्ट्रिक्ट हेल्थ ऑफिसर डॉ. आशीष चावला ने कहा कि सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में फूड सेफ्टी विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य गुणवत्ता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा।उन्होंने कहा कि यदि लैब जांच में कोई सैंपल निर्धारित मानकों पर खरा नहीं उतरता, तो संबंधित फूड बिजनेस ऑपरेटर के खिलाफ Food Safety and Standards Act, 2006 तथा लागू नियमों के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बारिश के मौसम में सावधानी की अपील

फूड सेफ्टी विभाग ने दुकानदारों को साफ-सफाई, उचित स्टोरेज और FSSAI मानकों का पालन करने की हिदायत दी है।आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे खाद्य पदार्थ साफ-सुथरी और भरोसेमंद दुकानों से ही खरीदें। बारिश के मौसम को देखते हुए विशेष रूप से कटे, सड़े या बासी फल-सब्जियां खरीदने और इस्तेमाल करने से बचने की सलाह दी गई है।

फूड सेफ्टी टीम के अनुसार जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में चेकिंग अभियान और ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स’ की गतिविधियां लगातार जारी रहेंगी।

दैनिक विज्ञापन
दैनिक विज्ञापन

You may have missed