GLADA का अवैध कॉलोनियों पर शिकंजा
मानकवाल, महमूदपुरा और खेड़ी में 4 बिना मंजूरी वाली कॉलोनियों पर कार्रवाई
लुधियाना | जीत समाचार | 16 सितंबर 2026।शर्मा
लुधियाना जिले में बिना मंजूरी और बिना स्वीकृत प्लान के हो रहे डेवलपमेंट के खिलाफ GLADA ने कार्रवाई तेज कर दी है। GLADA के चीफ एडमिनिस्ट्रेटर विकास हीरा के निर्देशों पर अवैध कॉलोनियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अभियान चलाया जा रहा है।
अतिरिक्त चीफ एडमिनिस्ट्रेटर, GLADA द्वारा जारी तोड़फोड़ आदेशों के तहत बुधवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट, पुलिस बल और GLADA रेगुलेटरी विंग की एनफोर्समेंट टीम ने मानकवाल, महमूदपुरा और खेड़ी गांव में 4 बिना मंजूरी वाली कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई की।कार्रवाई के दौरान कॉलोनियों में बनाई गई सड़कें, गैरकानूनी निर्माण और अन्य स्ट्रक्चर हटाए गए।
GLADA अधिकारियों के अनुसार, संबंधित डेवलपर्स को पहले नोटिस जारी कर निर्माण एवं डेवलपमेंट गतिविधियां रोकने के निर्देश दिए गए थे। निर्देशों का पालन नहीं होने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। अधिकारियों के मुताबिक कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार का विरोध नहीं हुआ।
GLADA ने आने वाले सप्ताहों में भी बिना मंजूरी वाले डेवलपमेंट को शुरुआती स्तर पर रोकने के लिए ऐसे अभियान जारी रखने की बात कही है।
लोगों से अवैध कॉलोनियों में निवेश से बचने की अपील
GLADA के चीफ एडमिनिस्ट्रेटर ने आम लोगों से अपील की है कि वे बिना मंजूरी वाली कॉलोनियों में प्लॉट, प्रॉपर्टी या बिल्डिंग खरीदने से पहले उसकी वैधता की जांच जरूर करें।
उन्होंने कहा कि ऐसी कॉलोनियों में पानी, सीवरेज और बिजली जैसी सुविधाओं को लेकर खरीदारों को सावधानी बरतनी चाहिए। संभावित खरीदारों को प्रॉपर्टी खरीदने से पहले GLADA की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध अप्रूव्ड/रेगुलर कॉलोनियों की सूची और स्वीकृत नक्शे की जांच करने की सलाह दी गई है।
GLADA के अनुसार, तोड़फोड़ की कार्रवाई के साथ-साथ Punjab Regional and Urban Planning and Development Act के तहत बिना मंजूरी डेवलपमेंट में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी जारी रहेगी।

