‘महासफाई अभियान’ के तहत मालेरकोटला में तेज हुआ सफाई अभियान
दिल्ली गेट जीवीपी समेत प्रमुख स्थानों की सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
मालेरकोटला, 20 सितंबर(सोनिया शर्मा)
पंजाब सरकार की ओर से चलाए जा रहे ‘महासफाई अभियान’ और ‘स्वच्छता ही सेवा’ मुहिम के तहत नगर कौंसिल मालेरकोटला द्वारा कार्यकारी अधिकारी चंद्र प्रकाश वधवा के नेतृत्व में शहर में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है।अभियान के तहत स्थानीय दिल्ली गेट जीवीपी की सफाई करवाई गई। इसके अलावा उर्दू अकादमी से क्लब चौक तक सड़कों की सफाई तथा शहर के सार्वजनिक शौचालयों की विशेष सफाई भी करवाई गई।इस दौरान नगर कौंसिल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा स्वच्छ भारत मिशन की टीम ने क्षेत्रवासियों को सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स-2026 के संबंध में जागरूक किया।
गीला और सूखा कचरा अलग रखने की अपील
सैनिटरी इंस्पेक्टर परमजीत ने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों, दुकानों और आसपास के क्षेत्रों में सफाई का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि कूड़ा इधर-उधर न फेंकें तथा गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करके निर्धारित डस्टबिन में डालें।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ और साफ-सुथरा शहर बनाना केवल नगर कौंसिल की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
स्वच्छता को रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाने की अपील
नगर कौंसिल की ओर से लोगों से अपील की गई कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ को केवल एक अभियान तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाए। सामूहिक प्रयासों से मालेरकोटला को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर बनाने में मदद मिलेगी।

