30 सितंबर तक प्रॉपर्टी टैक्स जमा करें, पाएं 10% छूट
शनिवार-रविवार को भी खुले रहेंगे नगर निगम के चारों जोनल सुविधा केंद्र
लंबी कतारों से बचें, घर बैठे ऑनलाइन जमा करें प्रॉपर्टी टैक्स
लुधियाना, 25 सितंबर:विक्की कुमार
वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रॉपर्टी टैक्स पर 10 प्रतिशत छूट का लाभ लेने के लिए 30 सितंबर अंतिम तारीख है। लोगों की सुविधा के लिए नगर निगम लुधियाना के चारों जोनल कार्यालयों में स्थित सुविधा केंद्र शनिवार, 26 सितंबर और रविवार, 27 सितंबर को भी निर्धारित कार्य समय के दौरान खुले रहेंगे।
नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अंतिम तारीख से पहले अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा कर 10 प्रतिशत छूट का लाभ उठाएं।
घर बैठे ऑनलाइन जमा करें टैक्स
लंबी कतारों से बचने के लिए शहरवासी घर बैठे भी अपना लंबित प्रॉपर्टी टैक्स ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। इसके लिए नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट mcludhiana.gov.in पर जाकर भुगतान किया जा सकता है।
मेयर प्रिंसिपल इंद्रजीत कौर और नगर निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार ने शहरवासियों से अपील की कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। नगर निगम के अनुसार प्रॉपर्टी टैक्स से प्राप्त राशि का इस्तेमाल शहरवासियों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने और विकास कार्यों के लिए किया जाता है।
कब कितनी पेनल्टी?
- 30 सितंबर तक: 10% छूट
- 1 अक्टूबर से 31 दिसंबर: कोई पेनल्टी नहीं
- 1 जनवरी से 31 मार्च: 10% पेनल्टी
- 31 मार्च तक टैक्स जमा न करने पर: 20% पेनल्टी के साथ 18% वार्षिक ब्याज भी लगाया जाएगा।
नगर निगम की अपील: अंतिम तारीख का इंतजार न करें और समय रहते प्रॉपर्टी टैक्स जमा कर छूट का लाभ उठाएं।

