FAO टीम ने लुधियाना में MCAD प्रोजेक्ट की जमीनी प्रगति का लिया जायजा

1,388 हेक्टेयर क्षेत्र के 465 किसानों को मिलेगा लाभ, सिंचाई दक्षता बढ़ाने पर जोर

No photo description available.जीत समाचार | लुधियाना | 25 सितंबर 2026 / सोनिया शर्मा

संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) के प्रतिनिधियों ने शुक्रवार को लुधियाना क्लस्टर में चल रहे MCAD प्रोजेक्ट की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान पटियाला फीडर नहर के पास भरथला नहर रेस्ट हाउस में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर परियोजना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

जल संसाधन विभाग के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर नवजोत सिंह ने FAO टीम को परियोजना की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि साइट पर काम शुरू हो चुका है और आवश्यक सामग्री की खरीद पूरी कर ली गई है। पंप-कम-संप हाउस का निर्माण जारी है, जबकि पाइपलाइन बिछाने का काम धान की कटाई के बाद शुरू किया जाएगा।

465 किसानों को मिलेगा सीधा लाभ

परियोजना के तहत लगभग 1,388 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र को कवर किया जाएगा, जिससे 465 किसानों को लाभ मिलने की जानकारी दी गई। किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने में पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (PAU) की भूमिका भी महत्वपूर्ण बताई गई है। परियोजना का बेसलाइन सर्वे भी पूरा हो चुका है।

SCADA और DSS तकनीक पर फोकस

FAO के एशिया एवं प्रशांत क्षेत्रीय कार्यालय के भूमि एवं जल अधिकारी डॉ. वालिद के नेतृत्व में टीम ने वाटर यूजर सोसायटी (WUS) को मजबूत करने के प्रस्तावित कदमों पर चर्चा की। किसानों को Decision Support System (DSS), SCADA और आधुनिक फील्ड उपकरणों से मिलने वाले डेटा के प्रभावी इस्तेमाल के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।

अधिकारियों के अनुसार इन तकनीकों के इस्तेमाल से सिंचाई दक्षता और फसल उत्पादकता में सुधार लाने में मदद मिल सकती है।

किसानों से सीधे लिया फीडबैक

FAO टीम ने क्लस्टर के किसानों से सीधी बातचीत कर परियोजना को लेकर उनकी जरूरतों, सुझावों और अपेक्षाओं की जानकारी भी ली।

बैठक में एसई मनिंदर सिंह, एसई मोहाली, एक्सईएन लुधियाना बूटा सिंह, संबंधित एसडीओ, कृषि, बागवानी, मृदा एवं जल संरक्षण, ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभागों के अधिकारी तथा PAU, FAO और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

 

दैनिक विज्ञापन
दैनिक विज्ञापन

You may have missed