हिमाचल प्रदेश हमीरपुर कुछ खास खबरें
Views: 8
15 मई तक अपनी ऑप्शन दें सहायक स्टाफ नर्स के अभ्यर्थी
हमीरपुर 12 मई।दिनेश कुमार शर्मा
हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने 30 अप्रैल 2026 से 11 मई 2026 तक सहायक स्टाफ नर्स, पोस्ट कोड-26004 की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन में भाग लेने वाले सभी अभ्यर्थियों से 15 मई तक निर्धारित प्रपत्र पर विभाग के आवंटन के विकल्प आमंत्रित किए हैं।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि निर्धारित प्रपत्र पर ये विकल्प स्वयं आयोग के कार्यालय में या आयोग के ईमेल एचपी-आरसीए एट द रेट एचपी.जीओवी.इन hp-rca@hp.gov.in पर भेजे जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि अगर इस अवधि के दौरान कोई अभ्यर्थी अपना विकल्प जमा नहीं करवाता है तो उसे पदों की उपलब्धता के आधार पर स्वास्थ्य विभाग या स्वास्थ्य शिक्षा विभाग आवंटित कर दिया जाएगा।
हमीरपुर थाने में टैक्सी वाहन की नीलामी 15 जून को
हमीरपुर 12 मई। दिनेश कुमार शर्म
उपमंडल बड़सर के एक टैक्सी वाहन से संबंधित एक मामले में सिविल जज न्यायालय बड़सर ने वारंट ऑफ सेल जारी किया है। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी राजीव ठाकुर ने बताया कि डिक्रिटल राशि की रिकवरी के लिए इस वाहन की बिक्री खुली नीलामी के माध्यम से की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस वाहन की नीलामी की प्रक्रिया 15 जून को सुबह 11 बजे पुलिस थाना हमीरपुर के परिसर में पूर्ण की जाएगी। इच्छुक लोग इस नीलामी में भाग ले सकते हैं।
22 मई से प्रस्तावित जेबीटी की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन स्थगित
हमीरपुर 12 मई। दिनेश कुमार शर्मा
हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) द्वारा आयोजित जेबीटी भर्ती परीक्षा (पोस्ट कोड-25004) पास करने वाले उम्मीदवारों की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया फिलहाल स्थगित कर दी गई है।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इन उम्मीदवारों की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन 22 मई से आरंभ होनी थी, लेकिन प्रशासनिक कारणों से इसे स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इसका शेड्यूल बाद में जारी किया जाएगा।
पनसाई, मालग और अन्य पंचायतों में 14 को बंद रहेगी बिजली
नादौन 12 मई। दिनेश कुमार शर्मा
विद्युत उपमंडल धनेटा में 14 मई को लाइनों की आवश्यक मरम्मत और पेड़ों की टहनियों की काट-छांट के कार्य के चलते ग्राम पंचायत पनसाई, मंझेली, मालग, बढेड़ा, सनाही, बूणी और बलेटा के सभी गांवों एवं पेयजल योजनाओं की विद्युत आपूर्ति सुबह 9 से सायं 5 बजे तक बंद रहेगी।
सहायक अधिशाषी अभियंता किशोरी लाल ने इस दौरान सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है। उन्होंने बताया कि अगर 14 मई को मौसम खराब हुआ तो यह कार्य अगले दिन किया जाएगा।
नादौन में 13 को प्रस्तावित ड्राइविंग टेस्ट और वाहनों की पासिंग स्थगित
नादौन 12 मई। दिनेश कुमार शर्मा
एसडीएम कार्यालय नादौन के अंतर्गत 13 मई को प्रस्तावित ड्राइविंग टेस्ट और वाहनों की पासिंग फिलहाल स्थगित कर दी गई है। नादौन के एसडीएम और पंजीकरण एवं लाइसेंसिंग प्राधिकारी निशांत शर्मा ने बताया कि प्रशासनिक कारणों से इन्हें स्थगित करना पड़ा है। उन्होंने बताया कि ड्राइविंग टेस्ट और वाहनों की पासिंग की नई तिथि जल्द ही निर्धारित कर दी जाएगी।
नादौन और बड़सर में वन विभाग की लकड़ी की नीलामी 21-22 को
हमीरपुर 12 मई। दिनेश कुमार शर्मा
वन रेंज कार्यालय नादौन, निरीक्षण हट अमलैहड़, वन रक्षक हट जसाई, कांगू और धनपुर में रखी गई लकड़ी की नीलामी 21 मई को सुबह साढे ग्यारह बजे वन रेंज कार्यालय नादौन में की जाएगी।
इसी प्रकार, वन रेंज कार्यालय बड़सर, वन रक्षक हट घुनानी, पनयाली, बीओ आवास परिसर बुंबलू और सीनियर सेकंडरी स्कूल टिप्पर के परिसर में रखी गई लकड़ी की नीलामी 22 मई को सुबह साढे ग्यारह बजे वन रेंज कार्यालय बड़सर में की जाएगी।
वन उप अरण्यपाल कार्यालय हमीरपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार इन दोनों नीलामी के नियमों एवं शर्ताें के संबंध में अधिक जानकारी के लिए संबंधित वन रेंज कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है। नीलामी में भाग लेने के इच्छुक लोग विभिन्न स्थानों पर रखी गई लकड़ी का अवलोकन किसी भी कार्य दिवस को कर सकते हैं।
