हिमाचल हमीरपुर की कुछ खास खबरें आज की
Views: 6
भोरंज से 92 पोलिंग टीमें रवाना
भोरंज 24 मई. दिनेश कुमार शर्मा
पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के पहले चरण में भोरंज विकास खंड की 15 पंचायतों के कुल 92 पोलिंग स्टेशनों पर 26 मई को होने वाली वोटिंग के लिए सभी 92 पोलिंग पार्टियों को रविवार को रवाना कर दिया गया।
भोरंज के SDM और चुनाव अधिकारी (पंचायत) शशिपाल शर्मा ने बताया कि इन पोलिंग पार्टियों में एक पीठासीन अधिकारी और 3-3 पोलिंग अधिकारियों समेत कुल 368 अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं। इनके अलावा पुलिस और होमगार्ड के 184 जवान भी तैनात किए गए हैं।
एचपीवी वैक्सीनेशन की शत-प्रतिशत कवरेज के लिए स्वयं फील्ड में उतरीं डीसी
हमीरपुर 23 मई।दिनेश कुमार शर्मा सर्विकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) से बचाव हेतु आरंभ किए गए एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत जिला में 14-15 वर्ष के आयु वर्ग की सभी लड़कियों का टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ भी स्वयं फील्ड में उतर गई हैं। एचपीवी वैक्सीन के प्रति आम महिलाओं एवं लड़कियों को जागरुक करने के लिए उपायुक्त ने शनिवार दोपहर बाद स्वास्थ्य खंड गलोड़ के अंतर्गत ग्राम पंचायत पनसाई के गांव बेहा का दौरा किया।स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बेहा पहुंची उपायुक्त ने गांव की महिलाओं से एचपीवी वैक्सीनेशन और कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।
उपायुक्त ने कहा
कि एचपीवी वैक्सीन का टीका लड़कियों को जिंदगी भर सर्विकल कैंसर जैसे जानलेवा रोग से बचा सकता है। 14-15 वर्ष के आयु वर्ग की सभी लड़कियों को यह टीका लगाना चाहिए। अगर 30 मई तक ये लड़कियां एचपीवी का टीका नहीं लगवाती हैं तो उन्हें शायद इसका दोबारा मौका नहीं मिल पाएगा।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय अत्री ने बताया कि जिला हमीरपुर में इस आयु वर्ग की लगभग 2967 लड़कियों को यह टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभी तक जिला में 1279 लड़कियां यह टीका लगवा चुकी हैं। इस मौके पर बीएमओ डॉ. कौंडल, डॉ. किरण कौशल और स्वास्थ्य कर्मचारी भी उपस्थित थे।
बूथ के 100 मीटर के दायरे में प्रचार गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध
मतदान केंद्रों के आस-पास हथियारों पर भी रहेगी पूर्ण पाबंदी
हमीरपुर 23 मई।दिनेश कुमार शर्मा जिला की 242 ग्राम पंचायतों में 26, 28 और 30 मई को तीन चरणों में होने वाले मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न करवाने के लिए उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ ने हिमाचल प्रदेश पंचायतीराज अधिनियम-1994 की धारा 158-जी के तहत आदेश जारी करते हुए मतदान के दिन सभी मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में सभी तरह की प्रचार गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है।
उन्होंने बताया
कि मतदान के दिन सभी मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी तरह की प्रचार सामग्री प्रदर्शित करने, मतदाताओं को लुभाने या प्रभावित करने से संबंधित अन्य सभी गतिविधियों पर पूर्ण पाबंदी रहेगी।
हिमाचल प्रदेश पंचायतीराज अधिनियम-1994 की धारा 158एन के तहत एक अन्य आदेश जारी करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) ने मतदान केंद्रों और इसके आस-पास के क्षेत्रों में हथियार लेकर चलने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया। मतदान डयूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा। उन्होंने बताया कि इन आदेशों का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ हिमाचल प्रदेश पंचायतीराज अधिनियम-1994 और आर्म्स एक्ट-1959 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मतदान के दिन संबंधित पंचायत क्षेत्रों में रहेगी सार्वजनिक छुट्टी
हमीरपुर 24 मई।दिनेश कुमार शर्मा
जिला हमीरपुर में भी तीन चरणों में होने वाले पंचायत चुनावों के दौरान मतदान के दिन संबंधित पंचायतों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इस संबंध में आदेश जारी करते हुए उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि मतदान के दिन संबंधित पंचायत क्षेत्रों में सभी सरकारी एवं अर्द्ध सरकारी कार्यालय, सार्वजनिक उपक्रमों के कार्यालय, शिक्षण संस्थान, औद्योगिक और व्यापारिक प्रतिष्ठान इत्यादि बंद रहेंगे। इन पंचायत क्षेत्रों में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को भी वैतनिक अवकाश मिलेगा। अपने पंचायत क्षेत्र से बाहर हिमाचल के अन्य क्षेत्रों में सेवारत कर्मचारियों को भी मतदान के लिए विशेष आकस्मिक अवकाश मिलेगा, लेकिन इसके लिए उन्हें अपने मतदान केंद्र के पीठासीन अधिकारी द्वारा जारी मतदान प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा