फगवाड़ा में RTI एक्टिविस्ट सिमरनजीत सिंह हत्याकांड का खुलासा, प्रॉपर्टी विवाद में रिश्तेदार गिरफ्तार

0

Views: 5

जालंधर/फगवाड़ा। जीत समाचार

फगवाड़ा में RTI एक्टिविस्ट सिमरनजीत सिंह की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुछ ही घंटों में मामले को सुलझा लेने का दावा किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे पुराना पारिवारिक प्रॉपर्टी विवाद मुख्य कारण था।

पुलिस ने मामले में मृतक के एक करीबी रिश्तेदार को गिरफ्तार किया है, जिससे पूछताछ जारी है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था।

LPU लॉ गेट के पास मिला था शव

सिमरनजीत सिंह का शव जालंधर–फगवाड़ा रोड पर स्थित Lovely Professional University (LPU) Law Gate के पास संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ था। जांच में सामने आया कि उन्हें सिर के पीछे गोली मारी गई थी, जो आर-पार होकर माथे से बाहर निकल गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।

लाइसेंसी पिस्टल के इस्तेमाल की आशंका

पुलिस के अनुसार, वारदात के समय सिमरनजीत सिंह से मिलने कुछ रिश्तेदार पहुंचे थे। आशंका जताई जा रही है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और उसी दौरान गोली चला दी गई।

जांच में यह भी संभावना जताई जा रही है कि हत्या में मृतक की लाइसेंसी पिस्टल का इस्तेमाल किया गया हो सकता है।

मौके से पिस्टल, मोबाइल और कार बरामद

जालंधर रेंज के डीआईजी नवीन सिंगला ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी, जहां सिमरनजीत सिंह का शव पड़ा मिला। घटनास्थल से एक पिस्टल, दो मोबाइल फोन और उनकी फॉर्च्यूनर कार बरामद की गई है। इसके अलावा एक कारतूस का खोल भी मिला है।

CCTV फुटेज से मिली अहम कड़ी

पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी साक्ष्यों की जांच के दौरान सिमरनजीत की गाड़ी के साथ एक स्विफ्ट कार देखी, जिसके आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। इसी सुराग के जरिए पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

अधिकारियों ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से गहन जांच जारी है और जल्द ही विस्तृत प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे घटनाक्रम का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा।

घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा और सतर्कता बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed