लुधियाना में दो जगह चलती कारों में लगी आग, मची अफरा-तफरी

0

Views: 62

लुधियाना | 23 जून |अरुण कुमार 

लुधियाना में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब शहर के दो अलग-अलग इलाकों में चलती कारों में अचानक आग लग गई। पहली घटना आत्म नगर फ्लाईओवर पर सामने आई, जहां एक Hyundai i20 कार अचानक धू-धू कर जल उठी। वहीं दूसरी घटना में एक अन्य सफेद कार में भी आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी फैल गई।

आत्म नगर फ्लाईओवर पर हुए हादसे में कार मालिक राजेश कुमार ने बताया कि वह अपनी i20 कार (2017 मॉडल, पेट्रोल) से जा रहे थे। जैसे ही उन्होंने फ्लाईओवर के पास मोड़ काटा, अचानक गाड़ी बंद हो गई। उन्होंने तुरंत कार को साइड में लगाया। बाहर निकलते ही उन्होंने बोनट से धुआं निकलते देखा और कुछ ही क्षणों में पूरी कार आग की लपटों में घिर गई।

राजेश कुमार के मुताबिक, कार सुबह से महज 10-12 किलोमीटर ही चली थी। उन्होंने आशंका जताई कि शॉर्ट सर्किट की वजह से यह हादसा हुआ हो सकता है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।

दूसरी घटना की तस्वीरों और वीडियो में भी एक सफेद कार से काला धुआं उठता दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों घटनास्थलों पर यातायात को नियंत्रित किया और हालात सामान्य किए। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने वाहन चालकों की चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि वाहनों की नियमित तकनीकी जांच कराना बेहद जरूरी है, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *