शाहपुर में 1.78 ग्राम चिट्टा सहित दो युवक पुलिस के हत्थे चढ़े
Views: 6
शाहपुर में 1.78 ग्राम चिट्टा बरामद, दो युवकों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
जीत समाचार शाहपुर:
जिला कांगड़ा पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शाहपुर क्षेत्र से 1.78 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 8 जुलाई को पुलिस थाना शाहपुर की टीम द्रम्मण क्षेत्र में नियमित गश्त एवं वाहन चेकिंग पर थी। इसी दौरान एचडीएफसी बैंक के समीप सर्विस रोड पर एक मोटरसाइकिल को जांच के लिए रोका गया। पुलिस को देखकर बाइक के पीछे बैठे युवक ने अपने कब्जे से एक संदिग्ध पुड़िया सड़क पर फेंक दी तथा उसे पैर से छिपाने का प्रयास किया।
पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी ली, जिसमें उक्त पुड़िया से 1.78 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ।
आरोपियों की पहचान नीरज राणा (25) निवासी गांव सुधेड़ तथा साहिल (26) निवासी गांव घरोह, तहसील धर्मशाला, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
पुलिस थाना शाहपुर में दोनों आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर संख्या 72/2026 के तहत धारा 21, 25 एवं 29, एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। दोनों को धारा 35(3), बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी किया गया है। मामले की आगामी जांच जारी है।
जिला कांगड़ा पुलिस ने कहा है कि नशे के विरुद्ध अभियान भविष्य में भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा। अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
