मानसून से पहले खुली निगम की तैयारियों की पोल, ढोका मोहल्ला फिर जलभराव की चपेट में

0

Views: 151

नाले पर बांध बना मुसीबत, ढोका मोहल्ले में सड़कों पर फैला सीवरेज का पानी

लुधियाना | 10 जुलाई 2026| जीत समाचार

नगर निगम लुधियाना भले ही मानसून तैयारियों के बड़े-बड़े दावे कर रहा हो, लेकिन वार्ड-82 के ढोका मोहल्ला में हालात इन दावों पर सवाल खड़े कर रहे हैं। गुरुवार रात बिना बारिश के ही सड़कों पर गंदा काला पानी फैल गया, जिससे पूरे इलाके में बदबू फैल गई और लोगों का निकलना मुश्किल हो गया।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि “जब बिना बारिश के यह हाल है, तो तेज बारिश में पूरे इलाके का क्या होगा?” उनका कहना है कि पिछले वर्ष भी गंदा पानी घरों तक पहुंच गया था, जिससे आर्थिक नुकसान के साथ-साथ लोगों को मानसिक और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

पार्षद अरुण शर्मा का आरोप—नाले पर बना बांध बना वजह

मौके पर पहुंचे पार्षद अरुण शर्मा ने आरोप लगाया कि नाले पर बना बांध पानी की निकासी में बाधा बन रहा है, जिसके कारण नाला ओवरफ्लो होकर गंदा पानी सड़कों पर फैल गया। उन्होंने मौके पर पानी की निकासी करवाने की बात भी कही।

पार्षद ने कहा, “पहले धरती सोना उगलती थी, अब ढोका मोहल्ले की सड़कें काला पानी उगल रही हैं। अगर समय रहते स्थायी समाधान नहीं हुआ तो लोगों का जीवन फिर प्रभावित होगा।”

सोमवार को प्रदर्शन की चेतावनी

पार्षद ने घोषणा की कि सोमवार सुबह 11 बजे क्षेत्रवासियों के साथ प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से तत्काल स्थायी समाधान की मांग करते हुए कहा कि अधिकारी मौके पर आकर लोगों की परेशानी देखें।

नाले का निर्माण कार्य भी धीमा

स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले को ढकने और सुधारने का कार्य भी धीमी गति से चल रहा है, जिससे मानसून के दौरान जलभराव की आशंका और बढ़ गई है।

जीत समाचार की मांग

जीत समाचार नगर निगम प्रशासन से मांग करता है कि मानसून के चरम पर पहुंचने से पहले ढोका मोहल्ले की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि लोगों को हर वर्ष गंदे पानी और जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *