एचपीशिवा परियोजना के तहत जोल क्लस्टर के बागवानों को बांटे गए 2300 ताइवान पिंक अमरूद के पौधे
Views: 4
भोरंज, 12 जुलाई 2026 (शर्मा)
प्रदेश के निचले क्षेत्रों में फल उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उद्यान विभाग द्वारा संचालित एचपीशिवा परियोजना के तहत लाभार्थी बागवानों को फलदार पौधों का वितरण किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को भोरंज उपमंडल के जोल क्लस्टर के किसानों को ताइवान पिंक अमरूद के लगभग 2300 पौधे वितरित किए गए।
उद्यान विभाग के एसएमएस डॉ. अमित कुमार ने बताया कि जोल क्लस्टर में लगभग 6 हेक्टेयर क्षेत्र में अमरूद का बाग विकसित किया जा रहा है। किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए क्लस्टर में मेन डिलीवरी टैंक, मॉड्यूलर टैंक और पंप हाउस का निर्माण किया गया है, जिससे पौधों की नियमित एवं सुचारू सिंचाई सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने बताया कि पौध वितरण के साथ किसानों को उच्च गुणवत्ता वाली पौध सामग्री उपलब्ध कराई गई तथा वैज्ञानिक तरीके से पौधरोपण, पौधों की देखभाल और बाग प्रबंधन संबंधी आवश्यक तकनीकी जानकारी भी दी गई।
डॉ. अमित कुमार ने कहा कि शेष पौधों का वितरण आगामी सप्ताह में किया जाएगा, ताकि सभी पात्र बागवान समय पर पौधरोपण कर सकें और एचपीशिवा परियोजना के उद्देश्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।
इस अवसर पर बागवानी विकास अधिकारी डॉ. ज्योति देवी, डॉ. विपन कुमार, सहायक बागवानी विकास अधिकारी दुनी चंद, परियोजना के फेसिलिटेटर प्रियंकल तथा ओम प्रकाश सहित कई अधिकारी एवं लाभार्थी बागवान उपस्थित रहे।
