“टम्बर में आम आदमी पार्टी का हिमाचल जोड़ो सदस्यता अभियान, लगभग 86 लोगों ने थामा पार्टी का दामन”

0

Views: 8

“टम्बर में आम आदमी पार्टी का हिमाचल जोड़ो सदस्यता अभियान, लगभग 86 लोगों ने थामा पार्टी का दामन”

प्रदेश प्रवक्ता काली दास कोली ने किया अभियान का शुभारंभ, मझेड़ा जोन में ‘हिमाचल जोड़ो’ अभियान को मिली गति

जीत समाचार जयसिंहपुर/ टम्बर ( अभिषेक न्यूज़ एडिटर)। 30 अगस्त 2026 मझेड़ा जोन की ग्राम पंचायत टम्बर में आम आदमी पार्टी के सदस्यता अभियान की शुरुआत प्रदेश प्रवक्ता काली दास कोली के नेतृत्व में की गई। इस दौरान कैनोपी लगाकर लोगों को पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी गई और नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ा गया। अभियान के दौरान 86 लोगों ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

प्रदेश प्रवक्ता काली दास कोली ने कहा कि राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के निर्देशानुसार तथा राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं हिमाचल प्रदेश प्रभारी ऋतुराज गोविंद झा के मार्गदर्शन में ‘हिमाचल जोड़ो सदस्यता अभियान’ चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत 2 अगस्त को मंडी जिले की दरंग विधानसभा से ऋतुराज गोविंद झा ने की थी। इसके बाद 4 अगस्त को जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र में भी सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया गया।

काली दास कोली ने कहा कि जयसिंहपुर विधानसभा में विधानसभा अध्यक्ष कैप्टन विनोद चाडक के नेतृत्व में विभिन्न जोनों में सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में जयसिंहपुर के संगठन मंत्री एवं मझेड़ा जोन अध्यक्ष रवि कुमार के अनुरोध पर टम्बर पंचायत में अभियान की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।

उन्होंने कांग्रेस सरकार पर चुनावी गारंटियों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता में सरकार की नीतियों को लेकर नाराजगी है। उन्होंने दावा किया कि जिन गारंटियों का वादा किया गया था, उनमें 300 यूनिट मुफ्त बिजली, युवाओं को रोजगार, महिलाओं को 1500 रुपये तथा किसानों से गोबर खरीद जैसी घोषणाएं पूरी नहीं हुई हैं। उन्होंने प्रदेश में नशे की बढ़ती समस्या को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।

काली दास कोली ने कहा कि जनता मौजूदा सरकार के साथ-साथ पूर्व भाजपा सरकार की नीतियों से भी निराश है और यही कारण है कि आम आदमी पार्टी की सदस्यता लेने के प्रति लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है।

इस अवसर पर जिला पालमपुर अध्यक्ष शेर सिंह, जयसिंहपुर के संगठन मंत्री एवं मझेड़ा जोन अध्यक्ष रवि कुमार, जयसिंहपुर उपाध्यक्ष सूबेदार मेजर सुनील कुमार, संयुक्त सचिव अमरजीत, गोपाल दास, राजेंद्र कुमार (छोटा) और सन्नी सहित करीब 100 लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *