लुधियाना में 2 से 8 अक्टूबर तक होगा ‘दान उत्सव 5.0’

नगर निगम और ‘सिटी नीड्स’ की संयुक्त पहल; 70 से अधिक संस्थाएं और 40 से ज्यादा संग्रह केंद्र लेंगे हिस्सा

जीत समाचार /  लुधियाना / 17 सितंबर | विक्की कुमार

जरूरतमंद लोगों की मदद के उद्देश्य से नगर निगम लुधियाना और ‘सिटी नीड्स’ के सहयोग से शहर में ‘दान उत्सव 5.0’ का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर 2026 तक चलेगा।

वीरवार को सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नगर निगम के सहायक कमिश्नर जसदेव सिंह सेखों और ‘सिटी नीड्स’ के संस्थापक मनीत दीवान ने ‘दान उत्सव’ के पांचवें संस्करण की घोषणा की। इस अवसर पर ‘एक्ट ह्यूमन’ की ओर से हरलीन कौर और एस.बी. पांधी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

सहायक कमिश्नर जसदेव सिंह सेखों ने बताया कि यह अभियान मेयर प्रिंसिपल इंद्रजीत कौर और नगर निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत नागरिकों, स्कूलों, कॉलेजों, औद्योगिक संस्थानों, क्लबों और अन्य संस्थाओं के माध्यम से नई एवं इस्तेमाल की हुई वस्तुएं एकत्र की जाएंगी।

इन वस्तुओं में कपड़े, किताबें, जूते, इलेक्ट्रॉनिक सामान, बिस्तर, राशन, खिलौने, बर्तन, ई-वेस्ट सहित अन्य सामग्री शामिल होगी। एकत्रित सामान को छांटकर संबंधित गैर-सरकारी संस्थाओं (NGO) को सौंपा जाएगा, जो इसे जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाएंगी। इसके अलावा आरआरआर केंद्रों और एनजीओ के माध्यम से झुग्गी-झोपड़ी वाले क्षेत्रों में भी सामान वितरित किया जाएगा।

इस वर्ष 70 से अधिक स्कूल, कॉलेज, क्लब और औद्योगिक संस्थाएं इस पहल में हिस्सा ले रही हैं। वहीं शहरभर में 40 से अधिक संग्रह केंद्र स्थापित किए गए हैं।

व्हाट्सऐप पर मिलेगी नजदीकी संग्रह केंद्र की जानकारी

नागरिक अपने नजदीकी संग्रह केंद्र की जानकारी प्राप्त करने के लिए 9310000925 नंबर पर व्हाट्सऐप के माध्यम से केवल “दान” लिखकर भेज सकते हैं। निर्धारित केंद्रों पर 2 से 8 अक्टूबर तक दान सामग्री स्वीकार की जाएगी।

सहायक कमिश्नर जसदेव सिंह सेखों, ‘सिटी नीड्स’ के मनीत दीवान और ‘एक्ट ह्यूमन’ की हरलीन कौर ने शहरवासियों से अपील की कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और जरूरतमंद लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाने में अपना योगदान दें।

दैनिक विज्ञापन
दैनिक विज्ञापन

You may have missed