लुधियाना में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का आगाज

17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान; सफाई, जागरूकता के साथ पौधारोपण पर भी रहेगा जोर

लुधियाना | 17 सितंबर | जीत समाचार | विक्की कुमार

शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और शहर में साफ-सफाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर निगम लुधियाना ने वीरवार को एक माह चलने वाले व्यापक ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान की शुरुआत की। यह अभियान 17 अक्टूबर 2026 तक जारी रहेगा।मेयर प्रिंसिपल इंद्रजीत कौर और नगर निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार के नेतृत्व में शुरू किए गए इस अभियान के पहले दिन शहर के विभिन्न हिस्सों में सफाई एवं जागरूकता अभियान चलाए गए। इस दौरान विधायक अशोक पराशर पप्पी और विधायक दलजीत सिंह भोला ग्रेवाल सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी भाग लिया।

अभियान के नोडल अधिकारी एवं संयुक्त कमिश्नर विनीत कुमार ने बताया कि स्वच्छता का संदेश बड़े स्तर पर पहुंचाने के लिए रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA), स्वयं सहायता समूहों, शिक्षण संस्थानों और गैर-सरकारी संगठनों (NGO) को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।

घर-घर पहुंचेगा स्वच्छता का संदेश

नगर निगम की ओर से शहरवासियों से अपील की गई है कि वे खुले में कूड़ा फेंकने से बचें और शहर को स्वच्छ रखने में निगम अधिकारियों का सहयोग करें। अधिकारियों को स्थानीय निवासियों से फीडबैक लेने के निर्देश भी दिए गए हैं।

अभियान के तहत नागरिकों को कचरा प्रबंधन के विभिन्न तरीकों के बारे में जागरूक किया जाएगा। इसके लिए घर-घर जाकर जागरूकता अभियान चलाने के साथ-साथ शिक्षण संस्थानों में भी विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

नगर निगम की संबंधित शाखाओं के वरिष्ठ अधिकारियों और जोनल कमिश्नरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी करें और लोगों की सार्वजनिक शिकायतों का जल्द से जल्द निपटारा सुनिश्चित करें।

मेयर प्रिंसिपल इंद्रजीत कौर और नगर निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार ने कहा कि पूरे शहर में सफाई एवं जागरूकता गतिविधियां लगातार आयोजित की जाएंगी। संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी शाखाएं आपसी तालमेल के साथ काम करें।

उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही शहरवासियों से अपील की गई कि वे खुले में कूड़ा न फेंकें और सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की कमी सामने आने पर संबंधित अधिकारियों के पास शिकायत दर्ज करवाएं।

दैनिक विज्ञापन
दैनिक विज्ञापन

You may have missed