कब्जे हटाने की बजाय उन्हीं पर बना दी सड़क? जोन-C में B&R की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल!
घर के बाहर बनी कथित थड़ियां बनीं सड़क का हिस्सा? SDO से लेकर कर्मचारी की निगरानी पर उठे सवाल
लुधियाना।20 सितंबर 2026 विक्की कुमार
नगर निगम के B&R की जिम्मेदारी शहर की गलियों और सड़कों से जुड़े निर्माण कार्यों की निगरानी करना है। संबंधित SDO, JE और अन्य अधिकारियों की जिम्मेदारी होती है कि ठेकेदार द्वारा सड़क का निर्माण निर्धारित मापदंडों और स्वीकृत डिजाइन के अनुसार किया जा रहा है या नहीं।लेकिन जीत समाचार की ग्राउंड रिपोर्ट में जोन-C की कुछ गलियों में चल रहे सड़क निर्माण को लेकर ऐसे सवाल सामने आए हैं, जिन पर नगर निगम प्रशासन को ध्यान देना जरूरी है।
कब्जा हटाया नहीं, उसी के ऊपर सड़क?
1 मौके पर दिखाई दे रही स्थिति को लेकर सवाल उठ रहा है कि कुछ घरों के बाहर बनी थड़ियों/कथित कब्जों को हटाने के बजाय क्या उन्हीं के स्तर पर सड़क बनाई जा रही है?
2 स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ स्थानों पर घरों के बाहर करीब 2 से 3 फीट तक जगह घेरकर थड़ियां बनाई गई हैं।
3 अगर जांच में यह स्थान सरकारी सड़क या नगर निगम की जमीन पर अनधिकृत कब्जा पाया जाता है, तो सवाल उठता है कि सड़क निर्माण से पहले इनकी पहचान और कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
ठेकेदार का काम या B&R की निगरानी?
सड़क निर्माण ठेकेदार द्वारा किया जाता है, लेकिन काम निर्धारित गुणवत्ता, लेवल और डिजाइन के अनुसार हो रहा है या नहीं, इसकी निगरानी संबंधित निगम अधिकारियों की जिम्मेदारी होती है।
इसलिए इन सवालों के जवाब जरूरी हैं:
1 सड़क का लेवल किस आधार पर निर्धारित किया गया?
2 काम शुरू होने से पहले मौके की पैमाइश हुई या नहीं?
3 क्या कथित थड़ियों और कब्जों की निशानदेही की गई?
4 क्या संबंधित विभाग को कब्जों के बारे में जानकारी दी गई?
5 क्या SDO/JE ने मौके का निरीक्षण किया?
राजनीतिक दबाव” के दावे—जांच जरूरी
स्थानीय लोगों की ओर से यह आरोप भी लगाया जा रहा है कि कुछ कथित कब्जों पर कार्रवाई करने के बजाय सड़क का काम आगे बढ़ाया जा रहा है और इसके पीछे राजनीतिक दबाव हो सकता है।
इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। यदि किसी प्रकार का राजनीतिक दबाव या अनुचित हस्तक्षेप हुआ है तो इसकी पुष्टि केवल आधिकारिक रिकॉर्ड और जांच से ही हो सकती है।
अब कमिश्नर से जवाब की उम्मीद
यदि जांच में यह सामने आता है कि सरकारी सड़क या निगम की जमीन पर मौजूद अनधिकृत निर्माण/कब्जों को नियमों के अनुसार हटाए बिना सड़क का निर्माण किया गया, तो जिम्मेदारी तय करने का सवाल उठेगा।
अब देखना यह है कि नगर निगम कमिश्नर और जोन-C के SDO इस मामले की जांच करवाते हैं या नहीं और यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित अधिकारी अथवा ठेकेदार के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।
सबसे बड़ा सवाल: पहले कब्जे हटने थे या पहले सड़क बननी थी?
जीत समाचार इस मामले में मौके की तस्वीरों के साथ नगर निगम का आधिकारिक पक्ष भी सामने रखेगा।

