लुधियाना के होटल में प्रॉपर्टी डीलर की मौत, परिवार ने जताया दबाव का आरोप

0

सुसाइड नोट मिलने की बात सामने आई; बेटे ने रिश्तेदारों पर संपत्ति विवाद में पिता को परेशान करने का आरोप लगाया

लुधियाना/21 सितंबर 2026(यादविंदर सिंह)

लुधियाना के पम्खोवाल इलाके स्थित एक होटल में 70 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर सतनाम सिंह की मौत का मामला सामने आया है। वह होटल की पांचवीं मंजिल के कमरा नंबर 508 में ठहरे हुए थे। पुलिस को कमरे से एक कथित सुसाइड नोट मिलने की जानकारी मिली है। नोट में क्या लिखा है, इसकी पूरी जानकारी फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

जानकारी के अनुसार सतनाम सिंह एक दिन पहले ही होटल में ठहरने के लिए पहुंचे थे। सोमवार को जब उन्होंने कमरे का दरवाजा नहीं खोला तो होटल स्टाफ ने मास्टर चाबी से कमरा खोला। अंदर सतनाम सिंह मृत अवस्था में मिले। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

बेटे ने लगाया संपत्ति विवाद में दबाब का आरोप

घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के सदस्य होटल पहुंचे। मृतक के बेटे समरदीप ने आरोप लगाया कि परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था और कुछ लोगों की ओर से उनके पिता पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था।

बेटे के अनुसार सराभा नगर में करीब 300 गज का एक मकान उनके पिता के नाम पर है। उनका आरोप है कि इसी संपत्ति को लेकर परिवार के कुछ सदस्यों के साथ विवाद चल रहा था। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस मामले में पहले पुलिस शिकायत/FIR दर्ज हुई थी और उनके पिता का नाम भी उसमें शामिल किया गया था।

इंग्लैंड में रहने वाले बेटे से हुई थी बात

समरदीप के मुताबिक उनके पिता से घटना से पहले तक इंग्लैंड वाले नंबर पर बातचीत हो रही थी। सोमवार को भी फोन किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। बाद में होटल स्टाफ की ओर से फोन कर घटना की जानकारी दी गई।

परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि पिता पर लगातार मानसिक दबाव बनाया जा रहा था। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सुसाइड नोट में कई लोगों के नाम होने का दावा

परिवार की ओर से दावा किया गया है कि कथित सुसाइड नोट में कुछ लोगों के नाम लिखे हैं। बेटे के अनुसार नोट में करीब 5 से 7 लोगों का उल्लेख है और इन्हीं लोगों पर पिता को परेशान करने का आरोप लगाया गया है।

परिवार ने कहा है कि आरोपों की जांच और संबंधित लोगों की गिरफ्तारी होने तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। पुलिस ने फिलहाल शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और मौत के वास्तविक कारण तथा कथित सुसाइड नोट की सत्यता की जांच की जा रही है।

दैनिक विज्ञापन
दैनिक विज्ञापन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed