जेलों में कैदियों की सुविधाओं की होगी समीक्षा, खाने की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश

0

एनएचआरसी के विशेष मॉनिटर बाल कृष्ण गोयल ने सेंट्रल, ब्रौस्टल और महिला जेल का किया दौरा

लुधियाना 21 सितंबर 2026 (यदविंद्र)

 राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) के विशेष मॉनिटर बाल कृष्ण गोयल ने ताजपुर रोड स्थित सेंट्रल जेल, ब्रौस्टल जेल तथा महिला जेल का विशेष दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जेलों में कैदियों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं, खान-पान की व्यवस्था तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

दौरे के दौरान विशेष मॉनिटर ने तीनों जेलों के अधीक्षकों के साथ बैठक कर कैदियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने जेल प्रशासन को निर्देश दिए कि जहां भी सुधार की आवश्यकता है, वहां आवश्यक कदम उठाए जाएं तथा खाने की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जाए।

ब्रौस्टल जेल के बच्चों के लिए स्किल डेवलपमेंट पर जोर

बाल कृष्ण गोयल ने विशेष रूप से ब्रौस्टल जेल में रह रहे बच्चों के लिए कौशल विकास पाठ्यक्रम अनिवार्य रूप से करवाने पर जोर दिया। उनका कहना था कि बच्चों को ऐसे हुनर सिखाए जाएं, जो भविष्य में उनके पुनर्वास और रोजगार में मददगार साबित हों।

महिला कैदियों को रोजगार योग्य बनाने पर जोर

महिला जेल में बंद कैदियों के लिए भी व्यावसायिक प्रशिक्षण की व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने अचार बनाने, मेहंदी लगाने और अन्य रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध करवाने की बात कही, ताकि जेल से बाहर आने के बाद महिलाएं अपने पैरों पर खड़ी हो सकें और स्वरोजगार शुरू कर सकें।

मुलाकात और जमानत में देरी की समस्याओं पर भी चर्चा

विशेष मॉनिटर ने जेल में बंद कैदियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी जानीं। इस दौरान परिजनों से मुलाकात में परेशानी और जमानत में देरी जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। उन्होंने जेल प्रशासन को निर्देश दिए कि ऐसी समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान किया जाए।

हर महीने शिकायत रजिस्टर की व्यवस्था का सुझाव

बाल कृष्ण गोयल ने सुझाव दिया कि हर महीने जेल के अंदर शिकायत रजिस्टर उपलब्ध करवाया जाए, ताकि कैदी अपनी समस्याएं और शिकायतें उसमें दर्ज कर सकें। उन्होंने कहा कि शिकायतों को दर्ज करने के साथ-साथ उनके समाधान की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।

इस अवसर पर जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी वरिंदर सिंह टिवाना, जिला बाल सुरक्षा अधिकारी रश्मि तथा जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

दौरे के दौरान सेंट्रल जेल के सुपरिंटेंडेंट कुलवंत सिंह सिद्धू, ब्रौस्टल जेल के सुपरिंटेंडेंट गुरप्रीत सिंह तथा महिला जेल की सुपरिंटेंडेंट दलबीर सिंह काहलों भी उपस्थित रहे।

दैनिक विज्ञापन
दैनिक विज्ञापन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed