पुराने सोने के बदले नए जेवर का झांसा, ज्वेलर पर 50 करोड़ की ठगी का आरोप

0

करीब 200 लोगों से सोना और रकम लेने के बाद दुकान बंद करने का दावा; 20 शिकायतें मिलने पर EOW को भेजी गई जांच

नई दिल्ली।22 / 09 / 2026 जीत समाचार

पुराने सोने के बदले नए जेवर देने और मेकिंग चार्ज नहीं लेने का झांसा देकर लक्ष्मी नगर के जे एक्सटेंशन इलाके में एक ज्वेलर पर करीब 200 लोगों से 50 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने का आरोप लगा है। आरोप है कि रकम और पुराने सोने के जेवर लेने के बाद ज्वेलर अचानक दुकान बंद कर वहां से चला गया।

जानकारी के मुताबिक, ज्वेलर ने पहले किट्टी योजना शुरू की थी। इसमें ग्राहक हर महीने एक निश्चित राशि जमा करते थे और योजना पूरी होने पर जमा रकम से अधिक मूल्य के सोने के आभूषण देने का भरोसा दिया जाता था। इसके बाद पुराने सोने के बदले नए जेवर देने की योजना शुरू की गई और मेकिंग चार्ज नहीं लेने की बात कही गई।

भरोसा जीतने के बाद लिया सोना

पीड़ितों के अनुसार, कई लोगों ने इस योजना के तहत अपने पुराने सोने के जेवर ज्वेलर को सौंप दिए। कुछ ग्राहकों को शुरुआती दौर में ब्याज या अन्य लाभ मिलने से योजना पर उनका भरोसा और बढ़ गया।

आरोप है कि करीब एक सप्ताह पहले ग्राहक दुकान पर पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला। आसपास के लोगों से जानकारी मिली कि ज्वेलर कथित तौर पर दुकान और मकान बेचकर वहां से चला गया है।

महिलाओं ने 12 से 15 तोले तक सोना देने का दावा किया

एक पीड़ित महिला ने दावा किया कि उसका करीब 12 तोला सोना ज्वेलर के पास था। अन्य पीड़ितों ने भी करीब 12 से 15 तोले तक पुराने जेवर दिए जाने की बात कही है।

पीड़ितों का दावा है कि करीब 200 लोगों का सोना और पैसा फंसा हुआ है तथा कुल रकम 50 करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है। हालांकि, पुलिस के अनुसार फिलहाल ठगी की कुल रकम और सोने की वास्तविक मात्रा का आधिकारिक आकलन नहीं हुआ है।

अब EOW करेगी मामले की जांच

पूर्वी दिल्ली के डीसीपी राजीव कुमार के अनुसार पुलिस को अब तक करीब 20 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। शिकायतों के आधार पर मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा (EOW) को भेजी गई है।

फिलहाल जांच एजेंसी शिकायतों, लेन-देन, सोने की मात्रा और संबंधित दस्तावेजों की जांच करेगी। जांच पूरी होने के बाद ही ठगी की वास्तविक रकम और पूरे मामले में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

दैनिक विज्ञापन
दैनिक विज्ञापन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed