गुरप्रीत सिंह की शिकायत के बाद पंजाब सरकार ने बीडीपीओ राजेश चड्डा को किया निलंबित
Views: 54
लुधियाना, 26+मार्च 2026:(यादविंदर सिंह)
लुधियाना जिले के ब्लॉक लुधियाना-1 में ग्राम पंचायत के विकास कार्यों में कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के बाद पंजाब सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए बीडीपीओ राजेश चड्डा को निलंबित कर दिया है।
यह कार्रवाई गुरप्रीत सिंह द्वारा दी गई लिखित शिकायत के आधार पर की गई है। अपनी शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत कार्यों में किए गए खर्च और वास्तविक कार्य में भारी अंतर है। विशेष रूप से जेसीबी, ट्रैक्टर ट्रॉली और अन्य मशीनरी से संबंधित कार्यों के बिलों में अधिक राशि दर्शाए जाने की बात सामने आई है।
पंजाब सरकार के ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पत्र संख्या 6/26/2026-4RDI-1 (E-1067039) दिनांक 24.03.2026 के तहत राजेश चड्डा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है तथा मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं।शिकायत के साथ प्रस्तुत दस्तावेजों में मशीनरी और अन्य कार्यों के लिए लाखों रुपये के बिल दर्शाए गए हैं, जिससे सरकारी धन के संभावित दुरुपयोग पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
विभाग ने निर्देश दिए हैं कि सभी रिकॉर्ड, बिलों और भुगतानों की गहन जांच की जाए। यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले ने स्थानीय स्तर पर भी ध्यान आकर्षित किया है, जहां लोग पंचायत कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं। जांच के परिणामों के बाद और भी कार्रवाई होने की संभावना है।
